बहादुरगढ़। रोहद गांव के पास मंगलवार को हुए दुष्कर्म के मामले की जांच तेज कर रही है। एक तरफ जहां पुलिस ने पीड़िता को मौके पर ले जाकर क्राइम सीन समझा। वहीं वारदात के दिन और समय में घटना स्थल के आसपास इस्तेमाल हुए मोबाइल नंबरों का डाटा भी खंगालना शुरू कर दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। जांच में एक बात और सामने आई है कि महिला जिससे मिलने फैक्टरी जा रही थी वह उसका पति नहीं बल्कि प्रेमी है और वह हफ्तेभर पहले कुछ दिन के लिए यहां आई थी।
महिला उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर की रहने वाली है और स्नातक की अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही है। पुलिस पूछताछ में पीड़ित महिला के प्रेमी ने बताया कि अभी उनकी शादी नहीं हुई है, लेकिन वह पति-पत्नी की तरह रहते हैं।
इससे पहले भी वह उनसे मिलने के लिए आई थी। बहादुरगढ़ डीसीपी मयंक मिश्रा ने बताया कि महिला के साथ दुष्कर्म करने के मामले की जांच तेज की गई है।