झज्जर। नववर्ष 2022 के आगमन के मद्देनजर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम ने जिले के सभी थाना प्रबंधकों, अपराध जांच शाखा प्रभारियों व चौकी प्रभारियों को चप्पे-चप्पे पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शराब पीकर हुड़दंग करने या शांति भंग करने व बदनियती से किसी प्रकार की अफवाह फैलाने वाले असामाजिक शरारती तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगाह रखी जाए।
शरारती तत्वों की ओर से हुड़दंग या शांति भंग करने की कोशिश करने पर उनके खिलाफ तत्परता से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि संदिग्ध व चिह्नित स्थानों पर आपराधिक, शरारती एवं असामाजिक तत्वों पर खास तौर से कड़ी निगाह रखी जाए। नववर्ष 2022 के शुभागमन के हर्षित पलों को आमजन आपसी भाईचारे व सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाएं। इस दौरान कोरोना महामारी के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए निर्धारित नियमों का पालन किया जाए। मास्क लगाने व सामाजिक दूरी का पालन किया जाए। खुशी मनाने की आड़ में शांति भंग करना या किसी तरह से कानून का उल्लंघन करने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी थाना प्रबंधकों व चौकी इंचार्जों को आदेश देते हुए कहा कि जिले के मुख्य चौक चौराहों व अन्य चिह्नित स्थानों पर नाकाबंदी करके चौकसी रखी जाए। घनी आबादी वाले स्थानों जिनमें झगड़ा व शांति भंग होने की आशंका हो ऐसे स्थानों पर पुलिस टीमों की तैनाती के साथ कड़ी निगरानी रखी जाए। पीसीआर व राइडर्स की गश्त लगाई जाए। प्रबंधक थाना यातायात बहादुरगढ़ व यातायात प्रभारी झज्जर अपने अपने एरिया में यातायात को बाधा रहित व सुचारु बनाए रखने के लिए संदिग्ध वाहन चालकों को एल्को मीटर द्वारा चेक करेंगे। शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे ताकि कोई अप्रिय घटना घटित न हो। सभी थाना प्रबंधक व चौकी प्रभारी भी अपने अपने इलाका में लगातार गश्त पर रहेंगे।