नेशनल गेम्स के लिए हरियाणा की तैराकी टीम के तैराकों का चयन हो गया है। प्रदेश के 12 तैराक नेशनल गेम्स में भाग लेंगे। हरियाणा तैराकी संघ के महासचिव अनिल खत्री ने बताया कि नेशनल गेम्स इस बार गुजरात में 29 सितंबर से 10 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे हैं।
अनिल खत्री ने बताया कि नेशनल गेम्स में स्वीमिंग स्पर्धाएं 2 से 8 अक्टूबर तक होंगी। इसके लिए हरियाणा के 12 तैराकों का चयन किया गया है। पुरुष और महिला दोनों श्रेणियों में 6-6 तैराक भाग लेंगे। पुरुष वर्ग में दिग्विजय, हर्ष सरोहा, प्रियांशु महाजन, पुनीत राणा, वंश पानू और वीर खटकड़ का चयन किया गया है।
दिग्विजय 50 मीटर बटरफ्लाई, हर्ष सरोहा 50, 100 और 200 मीटर बटरफ्लाई, प्रियांशु महाजन और वीर खटकड़ 50 और 100 मीटर फ्री स्टाइल पुनीत राणा और वंश पानू 50 और 100 मीटर ब्रैस्टस्ट्रॉक में हरियाणा की दावेदारी पेश करेंगे।
वहीं महिला वर्ग में भारती, दिव्या सतीजा, लीजा फौगाट, साम्या शिंगारी, समृद्धि विरमानी और यशिका रावत का चयन किया गया है। भारती और लीजा फोगाट 50 और 100 मीटर बैकस्ट्रॉक, दिव्या सतीजा 50 और 100 मीटर बटरफ्लाई और 50 और 100 मीटर फ्री स्टाइल, साम्या शिंगारी 100 मीटर ब्रैस्टस्ट्रॉक, समृद्धि विरमानी 200 और 400 मीटर फ्री स्टाइल और याशिका रावत 50,100 और 200 मीटर ब्रैस्टस्ट्रॉक में हरियाणा की तरफ से दावेदारी पेश करेंगी।
अनिल खत्री ने बताया कि सीनियर नेशनल स्वीमिंग में भी हरियाणा के तैराकों ने तीन गोल्ड और दो कांस्य पदक हासिल किए थे। इससे पहले जूनियर नेशनल में भी दो नए नेशनल रिकॉर्ड बनाकर हरियाणा के तैराकों ने मेडल हासिल किए थे। उन्होंने कहा कि नेशनल गेम्स में हरियाणा के तैराक सबसे अच्छा प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।