बहादुरगढ़। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से बादली में काम की तलाश में आए एक श्रमिक युवक की पिकअप की टक्कर से मौत हो गई। दरअसल, श्रमिक कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे वे पर बादली गांव के नजदीक डिवाइडर पर पेंट कर रहा था। उसी दौरान कुंडली की तरफ से आई एक पिकअप गाड़ी के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। थाना बादली पुलिस ने पिकअप गाड़ी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। युवक के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के गांव जावल का रहने वाला नीरज कुछ दिन पहले ही अपने गांव के कई युवकों के साथ काम की तलाश में हरियाणा में आया था। नीरज रविवार को अपने साथियों के साथ बादली के नजदीक कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे के डिवाइडर पर पेंट करने में लगा हुआ था तो उसी दौरान कुंडली की ओर से आ रही एक सफेद रंग की पिकअप गाड़ी के चालक ने उसे जोरदार टक्कर मारी। इसमें नीरज को काफी चोटें आई। उसे तुरंत इलाज के लिए साथी झज्जर के नागरिक अस्पताल में लेकर गए। जहां पर चिकित्सकों ने जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
बादली थाना पुलिस ने मृतक के चाचा संतन सिंह के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। संतन सिंह ने बताया कि उसके भतीजे नीरज के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। अब भतीजे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। संतन सिंह के अनुसार, उसका भतीजा नीरज 20 दिन पहले ही काम की तलाश के लिए यहां आया था। पुलिस ने झज्जर के सरकारी अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।