ऑल हरियाणा पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के आह्वान पर सोमवार 20 जुलाई को सुबह 6 बजे से झज्जर जिले में सभी कंपनियों के सभी पेट्रोल पंप हड़ताल के समर्थन के बंद रहेंगे।
यह जानकारी दि झज्जर पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन के सचिव राजपाल ने दी। राजपाल ने कहा कि सभी पंप मालिक सरकार द्वारा डीजल व पेट्रोल पर वैट बढ़ाने से असंतुष्ट हैं। एक तरफ तो सरकार किसान, व्यापारियों व आम आदमी से पड़ोसी राज्य से ज्यादा टैक्स ले रही है। दूसरी तरफ पेट्रोल पंप मालिकों के हितों की भी को परवाह नहीं करती।
पेट्रोल पंप संचालक राजीव जाखड़ व जयलाल ने कहा कि पेट्रोल पर सरकार ने 13 फरवरी 2015 को 20 प्रतिशत वैट से बढ़ाकर 25 प्रतिशत प्रति लीटर कर दिया है।
इतना ही नहीं, इसपर भी सरकार 5 प्रतिशत के हिसाब से वैट सरचार्ज आम ग्राहकों से वसूल कर रही है। जोकि लगभग 14 रुपये प्रतिलीटर के हिसाब से बनता है। जिसकी वजह से सरकार के राजस्व पर तो कोई फर्क नहीं पड़ा लेकिन पेट्रोल पंपों पर बिक्री लगातार घट रही है जिसकी ओर सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा वैट में की गई बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग को लेकर सोमवार को जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर हड़ताल रहेगी।