-फोटो 65 : नागरिक अस्पताल में बाल रोग विभाग की ओपीडी में बच्चों का इलाज कराने पहुंचे परिजन। संव
बहादुरगढ़। पारा कम होने से गले में सूजन, खराश और जुकाम-खांसी के मरीज बढ़ गए हैं। पानी कम पीने से नमी की कमी के कारण त्वचा रोग के मरीज भी नागरिक अस्पताल में पहुंच रहे हैं। वहीं बाल रोग विभाग की ओपीडी में भी बीमार बच्चों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
नागरिक अस्पताल के फिजिशियन डॉ. सुंदरम ने कहा कि सर्दी में पानी कम पीने से लोग बीमार हो रहे हैं। लोगों को गुनगुना पानी लगातार पीना चाहिए ताकि शरीर में नमी बनी रहे। नागरिक अस्पताल के ईएनटी रोग विशेषज्ञ डॉ. चंद्रशेखर ने बताया कि ओपीडी में गले में खराश-सूजन से दर्द के मरीज आ रहे हैं। खांसी और खराश के साथ जुकाम भी मिल रहा है। इनमें बच्चों की संख्या अधिक हैं।
बाल रोग विभाग के डॉ. अहिभूषण ने नन्हें बच्चों की सर्दी के मौसम में विशेष देखभाल की सलाह दी है। उनका कहना है कि अब सर्दी लगातार बढ़ रही है। कोहरा भी पड़ रहा है। धूप भी हल्की हो रही है। ऐसे में बच्चों को कपड़ों से ढककर रखना चाहिए।