झज्जर। शहर में लंबे समय से पार्किंग की सुविधा नहीं थी, लेकिन पिछले एक माह से शहर के पुराना बस अड्डा परिसर में पार्किंग शुरू हो चुकी है। उसके बावजूद लोग पार्किंग का इस्तेमाल करने की बजाय अपने वाहन मुख्य मार्गों के फुटपाथ या दुकानों के बाहर खड़ा कर रहे हैं। इससे शहर में जाम की स्थिति बनी रहती है।
लोग बाजार में सामान लेने के लिए चार पहिया वाहनों में आते हैं, लेकिन उसे पार्किंग में खड़ा करने की बजाय दुकानों के बाहर या फिर सीधा बाजार के अंदर ले जाते हैं। इससे दुकानदारों की दुकानदारी प्रभावित होती है। साथ ही बाजार में जाम की समस्या भी बनी रहती है। आंबेडकर चौक से छिकारा चौक, शहर थाना चौक, डायमंड चौक, चौपटा बाजार, सिलानी गेट, कच्चा बादली रोड पर चालक अपने वाहन फुटपाथ या दुकान के बाहर खड़ा करके सामान खरीदने चले जाते हैं। इस कारण जाम की स्थिति बनी रहती है।
थाने के बाहर खड़े रहते हैं वाहन, लगता है जाम
शहर के बाजार में ही शहर व सदर थाना है। थानों के बाहर मुख्य सड़क पर ही दर्जनों वाहन पूरा दिन खड़े रहते हैं। इस कारण बाजार में जाम की स्थिति बनी रहती है। कई वाहन तो खुद दुकानदारों के ही होते हैं तो कुछ सामान खरीददारी करने आने वाले लोगों के होते हैं।
सड़कों पर चलना मजबूरी
शहर की सड़कों के फुटपाथ पर वाहनों का कब्जा होने से लोगों को मजबूरन सड़कों पर चलना पड़ता है। ऐसे में हादसा होने का अंदेशा बना रहता है। पुलिस की तरफ से इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। सभी वाहन नो पार्किंग में होते हैं, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई करती।
वाहन चालक अपनी मर्जी से दुकानों के बाहर वाहन खड़ा करके घंटों चले जाते हैं। इस कारण दुकानदारों को परेशानी होती है। इस तरफ पुलिस प्रशासन को ध्यान देना चाहिए और नो पार्किंग से वाहनों को हटवाना चाहिए।
- राम प्रकाश वर्मा, संरक्षक, व्यापार मंडल
यदि दुकान के गेट के बाहर गाड़ियां खड़ी होने लग जाएंगी तो दुकानदारी कैसे चल पाएगी। कई बार वाहन चालकों को हटाने का प्रयास किया जाता है तो वह लड़ने को भी तैयार हो जाते हैं। फुटपाथ चलने के लिए बनाया है न की वाहन खड़ा करने के लिए। इस तरफ ध्यान देने की जरूरत है।
- ओमप्रकाश परुथी, व्यापारी