फोटो 72: पटवार भवन में खाली पड़ी पटवारियों की कुर्सियां।
बहादुरगढ़/बादली। सरकार की ओर से भ्रष्ट पटवारियों की सूची जारी करने से प्रदेश भर के पटवारियों में भारी रोष है। इसी के चलते बहादुरगढ़ व बादली के सभी पटवारी सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं। सोमवार को तहसील कार्यालय में स्थित पटवारियों के कमरों पर ताले लटके रहे। इससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सरकार ने जब से प्रदेश भर के भ्रष्ट पटवारियों की सूची जारी की है। तभी से पटवारी इसे गलत बता रहे हैं और रोष प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को सभी पटवारियों ने एक दिन का सामूहिक अवकाश लिया है। सभी पटवारी एकजुट होकर झज्जर डीसी को ज्ञापन सौंपने के लिए पहुंचे। बादली तहसील में एक पटवारी का नाम सूची में शामिल है। सुबह के समय से ही तहसील कार्यालय में पटवारियों की कुर्सियां खाली रह गई। यहां जमीन संबंधी कामकाज करवाने के लिए आए लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि वह पिछले लंबे समय से काम के लिए चक्कर काट रहे हैं। अब एक बार फिर से पटवारी सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं। जिसकी वजह से उनके काम अटक गए हैं। सोमवार को पटवारियों के अवकाश में चले जाने के बाद तहसील कार्यालय में पटवारियों के कार्यालय के बाहर जमीन संबंधी काम कराने वाले लोगों की भीड़ लगी रही।
इससे लोग काफी परेशान रहे। तहसील कार्यालय में परनाला गांव से जमीन संबंधी कामकाज के लिए आए प्रवीण कुमार ने बताया कि वह सोमवार को यहां अपने काम के लिए पटवारी से मिलने के लिए पहुंचे थे, लेकिन यहां उन्हें पता चला कि पटवारी सामूहिक अवकाश पर गए हैं तो उनका काम अटक गया है।
फोटो 72: पटवार भवन में खाली पड़ी पटवारियों की कुर्सियां।