लेन देन के विवाद में गांव भदानी में दो साझेदार भिड़ गए। तैश में आए एक साझेदार ने दूसरे को गोली मार दी, जिससे दूसरे की मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर लोग दौड़कर मौके पर आए, देखा कि एक साझेदार मृत पड़ा है। इसके बाद गांव में सनसनी फैल गई।
रोते-बिलखते परिजन वहां पहुंचे, काफी संख्या में लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल भिजवाया।पुलिस द्वारा इस संबंध में आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार कृष्ण व राजेंद्र दोनों भट्ठे का साझा कारोबार करते थे। सोमवार को वारदात उस समय हुई जब दोनों ईंट भट्ठे पर हिसाब-किताब कर रहे थे, तभी उनका आपस में विवाद हो गया और राजेंद्र ने कृष्ण को गोली मार दी। मृतक कृष्ण के परिजनों ने बताया कि कुछ समय तक दोनों के बीच व्यापार व लेनदेन ठीक ठाक चला, लेकिन बाद मे दोनों के बीच हिसाब-किताब को लेकर विवाद होने लगा। विवाद को निपटाने के लिए कई बार दोनों के बीच बैठकें भी हुई। लेकिन फिर भी समाधान नहीं हुआ और तनातनी बरकरार रही। सोमवार को भी कृष्ण को राजेंद्र ने हिसाब-किताब के लिए बुलाया था।
वर्जन..........
रुपयों के लेन-देन के चलते हुए विवाद में कृष्ण नाम के व्यक्ति की मौत हुई है। मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दयाचंद, एसएचओ, सदर थाना झज्जर।