बारिश के सीजन में मच्छरों की बढ़ती संख्या को लेकर स्वास्थ्य विभाग चिंतित नजर आने लगा है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने झज्जर, बेरी नगर पालिकाओं व बहादुरगढ़ नगर परिषद को पत्र लिखकर फॉगिंग के लिए मशीनों की उचित व्यवस्था किए जाने व जहां भी कोई केस सस्पेक्टेड व पॉजिटिव सामने आता है उस क्षेत्र में तुरंत फॉगिंग किए जाने के लिए कहा है। अभी तक बहादुरगढ़ में कोई भी डेंगू का केस नहीं मिला है। लेकिन उसके बावजूद विभाग पूरा ध्यान दे रहा है।
पिछले साल डेंगू के डंक ने लोगों को खूब सताया था। हर हास्पिटल व क्लीनिक बुखार पीड़ितों से भरे हुए थे। लेकिन अबकी बार स्वास्थ्य विभाग ने मलेरिया व डेंगू की रोकथाम के लिए कुछ ज्यादा ध्यान दिया है। क्षेत्र में जहां-जहां जलभराव है वहां का सर्वे किया जा रहा है। साथ में विभाग की टीमें घर-घर जाकर बुखार पीड़ितों की स्लाइडें बना रही है। इसके अलावा किसी घर की टंकी, कूलर, टैंक व अन्य पानी के स्रोतों में डेंगू व मलेरिया का लार्वा तो नहीं पनप रहा है इसकी जांच भी कर रही है। एक टीम में 5 से 7 सदस्यों को शामिल किया हुआ है। उनमें एक मेडिकल आफिसर, हेल्थ इंस्पेक्टर, एमपीएचडब्ल्यू व अन्य स्वास्थ्य कर्मी भी शामिल हैं।
पिछले साल सितंबर से लेकर दिसंबर माह तक डेंगू मच्छर के डंक ने लोगों को खूब सताया था। ऐसा कम ही देखने को मिला हो जब किसी मोहल्ले में डेंगू के लक्षण न दिखे हो। अनेक लोगों ने दिल्ली, रोहतक, बहादुरगढ़ व आसपास के क्षेत्रों के अस्पतालों में जाकर इलाज करवाने के लिए मजबूर होना पड़ा था। यही नहीं डेंगू जांच के नाम पर उनकी जेबें भी ढीली की गई थी। लेकिन अब स्वास्थ्य विभाग ने इस बार डेंगू को लेकर पहले ही अलर्ट रहते हुए आमजन को इससे बचाव के लिए प्रेरित करना शुरू कर दिया। घर-घर जाकर लोगों को अपने आसपास के एरिए में पानी न जमा होने देने, पानी के बर्तनों की उचित साफ-सफाई करने, बरसाती सीजन में बिना पानी के कूलर चलाने, गमलों की जांच पड़ताल करते रहने, घरों की छतों पर टायर, ट्यूब न पड़े रहने देने संबंधी अनेक बातों को लेकर अवेयर किया जा रहा है।
नागरिक अस्पताल में होगी फ्री जांच
डेंगू की जांच के लिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में एलाइजा जांच सुविधा फ्री में ही मिलेगी। गत वर्ष बहादुरगढ़ में यह जांच का काम हुआ था लेकिन अबकी बार झज्जर के लोगों को जांच के लिए दूर-दराज न जाना पड़े इसको ध्यान रखते हुए वहां पर भी यह जांच सुविधा मिलने की उम्मीद है।
न फैलाएं भ्रम
स्वास्थ्य विभाग अब इस बात का भी प्रचार कर रहा है कि डेंगू से घबराने की जरूरत नहीं है। बुखार होने पर जांच जरूर कराएं। इन दिनों वायरल फीवर भी चला हुआ है। जो सामान्य तौर पर तीन से चार दिन में ठीक हो जाता है। बुखार होने पर पैरासीटामाल दवा ही लें। तरल पदार्थ अधिक लेते रहे। डॉक्टर से जांच कराते हुए उचित परामर्श लें। बिना डाक्टर के कोई दर्द निवारक व एंटीबायोटिक दवा न लें। डेंगू को लेकर किसी भी तरह का कोई भ्रम न फैलाएं।
ये है तर्क
स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता के अनुसार इस बार पूरे झज्जर मिले में अभी तक डेंगू का केस सामने नहीं आया है, लेकिन मलेरिया के 12 केस पाजिटिव मिल चुके हैं। जहां केस निकले हैं वहां के सस्पेक्टेड एरिया में फॉगिंग की जा रही है। झज्जर व बहादुरगढ़ में फॉगिंग के लिए मशीनें उपलब्ध करवा दी गई है। इसके अलावा दोनों अस्पतालों में आइशोलेशन वार्ड भी बना दिए हैं। इनके लिए 24 घंटे पर्याप्त दवा व डाक्टर भी उपलब्ध है। आमजन को भी डेंगू व मलेरिया से बचाव को लेकर जागरूक किया जा रहा है।