कोरोना संक्रमण से एक की मौत, 51 नए कोरोना संक्रमित मिले
17 मरीज अस्पतालों में भर्ती, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 339
40 मरीज हुए ठीक, सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर पहुंची 378
संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। कोरोना संक्रमण के मामले भले ही घट रहे हों, लेकिन मृतकों का आंकड़ा बढ़ रहा है। जिले में मंगलवार को कोरोना से एक और मौत हो गई है। 51 नए कोरोना के मरीज पाए गए हैं। जिले में 40 मरीज ठीक हो गए। सक्रिय मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 378 हो गया है। जिले में 17 मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से तीन को सरकारी व 14 को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती किया गया है। अन्य मरीजों को होम आइसोलेशन में रखकर इलाज किया जा रहा है।
सिविल सर्जन डॉ. संजय दहिया का कहना है कि मंगलवार को 1186 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट आई है। जिसमें से 51 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। कोरोना के मरीजों के आंकड़ों में निरंतर उतार-चढ़ाव चल रहा है। वहीं एक व्यक्ति की मौत होने के साथ-साथ मृतकों का आंकड़ा 339 पहुंच गया है। मंगलवार को 1428 लोगों के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जिले में अब तक 766281 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। जिनमें से 739892 लोगों के सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। फिलहाल अभी तक 22383 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से 21666 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक हो कर घर लौट चुके हैं। जिले में कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान निरंतर चल रहा है। सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग की टीमें शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण कर रही है।
डॉ. तीर्थ बागड़ी का कहना है कि इस बार कोरोना संक्रमित एक सप्ताह के अंदर ही ठीक हो जा रहे हैं। मरीजों को एक सप्ताह तक होम आइसोलेशन में रखा जा रहा है। उनका कहना है लोगों को इस समय अत्यधिक सावधान रहने की जरूरत है। कोरोना से बचाव के लिए मास्क, सैनिटाइजर व सामाजिक दूरी का पालन करें। लोगों को इस समय बेहद सावधान रहने की आवश्यकता है। क्योंकि कोरोना वायरस सबसे अधिक युवा वर्ग में मिल रहा है। जो लोग नौकरी पेशा कर रहे हैं उन लोगों को कोरोना से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
- वर्जन
कोरोना से बचाव के लिए जिन लोगों ने वैक्सीन नहीं लगवाई है वे जल्द से जल्द वैक्सीन लगवा लें। कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन ही एकमात्र उपाय है। वैक्सीन लगवाने के साथ-साथ कोरोना नियमों को लेकर जारी एडवाइजरी का भी पालन किया जाए। संजय दहिया, सीएमओ, झज्जर।