झज्जर। कोरोना संक्रमण से लोगों की निरंतर मौत हो रही हैं। शनिवार को भी एक व्यक्ति की मौत होने के बाद मृतकों का आंकड़ा 345 पहुंच गया है। अगर 20 दिसंबर के बाद तीसरी लहर की बात की जाए तो जिले में 9 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में शनिवार को 926 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट आई है। इसमें से 35 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं जबकि 40 मरीज ठीक भी हुए हैं। इन मरीजों के ठीक होने के बाद जिले में 155 सक्रिय मरीज बचे हुए हैं, जबकि 11 लोगों को इसमें से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 6 मरीजों को सरकारी अस्पतालों में व 5 को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं।
जिले में अब तक 22977 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से 22477 ठीक हो कर घर लौट चुके हैं। इतना ही नहीं जिले में 345 लोगों की संक्रमण की वजह से मौत हो चुकी है। वहीं शनिवार को 1048 लोगों के सैंपल को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अब तक 778378 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं जिनमें से 751804 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है।
सिविल सर्जन डॉ. संजय दहिया का कहना है कि कोरोना से बचाव के लिए निरंतर टीकाकरण अभियान जारी है। 14 लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। फिलहाल 15 से 18 वर्ष के बच्चों को कोरोना से बचाव के लिए पहली व दूसरी डोज लगाई जा रही है। जिले भर में कोरोना वैक्सीन लगाने के लिए अस्पतालों में वैक्सीनेशन केंद्र बनाए गए हैं। वहीं जगह-जगह कैंप भी लगाए जा रहे हैं। इसके साथ साथ कोरोना की जांच के लिए सैंपलिंग का कार्य भी निरंतर रूप से जारी है।
वर्जन
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतना आवश्यक है। इस समय कोरोना से मौत के आंकड़े में इजाफा हो रहा है, हालांकि कोरोना संक्रमण के मरीज पहले से कम हुए हैं।
- डॉ. संजय दहिया, सिविल सर्जन, झज्जर।