ओलंपियन रविंद्र खत्री की पत्नी ज्योति वीरवार को अनाज मंडी में पहुंची तो रविंद्र के चाचा ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को बुला लिया, लेकिन पुलिस के आने से पहले ही ज्योति वहां से चली गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस को चांद सिंह ने एक शिकायत दी, जिसमें कहा कि ज्योति को उनके घर इस तरह आने से रोका जाए, क्योंकि ज्योति ने उनके खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज करवाई हुई है। अब उन्हें लग रहा है कि ज्योति ऐसा मानसिक तौर पर परेशान करने के लिए कर रही है। वहीं पुलिस ने चांद सिंह की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में ओलंपियन रविंद्र खत्री के चाचा ने बताया कि वीरवार को करीब साढे़ 12 बजे जब वह कहीं बाहर जानेे के लिए तैयार हो रहे थे तो उनके भतीजे की पत्नी ज्योति उन्हें उनके घर के सामने खड़ी दिखाई दी। जब उन्होंने घर की पहली मंजिल से नीचे देेखा तो ज्योति उनके दरवाजे पर खड़ी फोटो खींच रही थी।
ऐसे में डर हो गया कि कहीं यह उनके घर में न आ जाए, क्योंकि ज्योति ने उनके खिलाफ पहले ही छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज करवा रखी है, जिस पर उन्होंने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को बुलाया। चांद सिंह का आरोप है कि ज्योति उसे मानसिक तौर पर प्रताड़ित कर रही है।
वहीं जब दूसरी ओर महिला थाना पुलिस ने ज्योति से इस बारे में बात की तो उन्होंने बताया कि वह अनाज मंडी तो गई थी, लेकिन किसी के घर में नहीं घुसी। वह तो अपने दहेज में आई गाड़ी के फोटो खींचने गई थी, जो कि अनाज मंडी में बने रविंद्र के चाचा के घर खड़ी रहती है। महिला थाना पुलिस ने बाद में ज्योति को महिला थाने में भी पूछताछ के लिए बुलाया।
उन्हें 100 नंबर से वीटी मिली थी, जिसके बाद वे अनाज मंडी में चांद सिंह के घर गए। चांद सिंह ने शिकायत दी है कि उनके भतीजे की पत्नी उन्हें मानसिक तौर पर प्रताड़ित कर रही है। शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है, जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
सीमा, एसएचओ महिला थाना