बादली। 8 साल के लंबे इंतजार के बाद बादली उपमंडल को नया लघु सचिवालय मिल गया है। सोमवार को उपमंडल अधिकारी सहित तहसीलदार और पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने लघु सचिवालय में काम शुरू कर दिया। हालांकि आधिकारिक तौर पर सचिवालय की औपचारिक घोषणा बाकी है।
वहीं सरल सेवा केंद्र और रजिस्ट्री संबंधी काम शुरू होने से लोगों का आवागमन शुरू हो गया है। उपमंडल अधिकारी डॉ. रमन गुप्ता के अनुसार अगले सप्ताह उच्च अधिकारियों की ओर से लघु सचिवालय के श्रीगणेश की हरी झंडी मिल जाएगी। फिलहाल आधी अधूरी तैयारी के बीच अधिकारियों ने कामकाज संभाल लिया है ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।
बता दें कि बादली को 2016 में उपमंडल का दर्जा दिया गया था जिसके बाद अधिकारियों को राजकीय महाविद्यालय का पुराना और जर्जर भवन कामकाज के लिए मिला। जर्जर भवन में पिछले 8 साल से अधिकारी आमजन की समस्याओं का समाधान करते रहे हैं।
करीब 4 साल पहले 2021 में हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बादली में लघु सचिवालय की नींव रखी। अब लघु सचिवालय का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इसके बाद अधिकारियों ने भी सोमवार से कामकाज शुरू किया है। एक ही छत के नीचे सभी अधिकारी मिलने से आम लोगों को भी राहत मिलेगी।
अब नहीं सताएगा टपके का डर
नया सचिवालय भवन मिलने के बाद एक अधिकारी ने बताया कि अब उन्हें टपके का डर नहीं सताएगा। पुराने भवन के कंप्यूटर रूम और रिकॉर्ड रूम में बारिश के दौरान टपके से रिकॉर्ड को बचाना होता था। वहीं ऑपरेटर ने भी नया भवन मिलने पर खुशी जाहिर की है।
यह विभाग और अधिकारी कर रहे काम
-एसडीएम
-तहसीलदार और नायब तहसीलदार
-रोजगार विभाग
-पशुपालन विभाग
-खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी।
इन विभाग और अधिकारियों का इंतजार
-ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और विभाग
-खंड कृषि विभाग और अधिकारी
-फायर केंद्र और अधिकारी
-मत्स्य पालन
-लोक संपर्क विभाग
-ट्रैफिक थाना और पुलिस
बॉक्स
शिक्षा और कृषि सहित कई जरूरी विभाग अभी तक नहीं मिले हैं जिसके लिए उच्च अधिकारियों को मांग भेजी गई है। अब नए भवन परिसर के साथ कुछ नए विभाग मिलने की उम्मीद है। शिक्षा, कृषि और फायर को प्राथमिकता दी गई है।
डॉ. रमन गुप्ता, एसडीएम बादली।