बहादुरगढ़। नागरिक अस्पताल में कार्यरत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों ने तीन महीने से वेतन न मिलने सहित अन्य मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। नाराज कर्मचारियों ने सोमवार को एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। साथ ही सरकार को चेतावनी दी है कि यदि जल्द वेतन जारी नहीं किया गया तो वे पेन डाउन हड़ताल पर चले जाएंगे।
कर्मचारियों ने बताया कि बीते तीन महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि कुछ कर्मचारी अपने बच्चों की स्कूल फीस भी समय पर नहीं भर पा रहे हैं। विभिन्न विभागों में कार्यरत एनएचएम कर्मियों ने कहा कि वे शिद्दत से अपना काम करते हैं लेकिन बदलते में उन्हें उनका मेहनताना समय पर नहीं मिल रहा है। कुछ अन्य मांगें भी लंबित हैं। अगर सरकार ने जल्द संज्ञान नहीं लिया तो मजबूर होकर पेन डाउन हड़ताल का रास्ता अपनाया जाएगा। उन्होंने मांग की है कि सभी बकाया वेतन को शीघ्रता से जारी किया जाए और भविष्य में वेतन भुगतान में इस तरह की देरी न हो, ताकि वे बिना मानसिक तनाव के अपनी सेवाएं दे सकें। इस मौके पर डॉ. प्रवीण, डॉ. कमल, सीमा, रितु, रीना, प्रवीण, सोनिया, सुमन, नर्सिंग आफिसर प्रीति, ईएमटी राकेश मौजूद रहे।