सरकारी विभागों को कैशलेस सिस्टम से जोड़ने की तैयारी तो कर ली गई है, लेकिन यहां भी राह कुछ आसान नहीं है। वर्तमान हालात के चलते सरकारी विभागों में स्वैप मशीनों के लगने में करीब 20 से 25 दिन लगने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसके चलते ग्राहकों को अभी नए साल तक इन सुविधाओं के लिए इंतजार करना होगा।
वहीं सरकारी विभागों द्वारा अभी स्वैप मशीनों के इंस्टॉल करने में सावधानीपूर्वक कदम रखा जा रहा है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है, क्योंकि सरकारी विभाग अभी जरूरत से कम ही स्वैप मशीनों का ऑर्डर भेज रहे हैं, क्योंकि अभी तक इन मशीनों की कार्यप्रणाली विभाग द्वारा प्रयोग में नहीं लाई गई है, जिसके चलते विभाग अभी इन मशीनों का प्रयोग करने से कतरा रहे हैं
रोडवेज ने मांगी आठ मशीनें
रोडवेज जीएम बलवंत गोदारा के अनुसार उनके द्वारा आठ मशीनों की डिमांड भेजी गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार ये मशीनें पहले चरण में केवल बुकिंग काउंटर पर ही प्रयोग में लाई जाएंगी। अगर पहले चरण का प्रयोग सफल रहा तो रोडवेज बसों में कंडक्टरों को भी ये मशीनें दी जाएंगी। बुकिंग काउंटर पर रोडवेज विभाग के द्वारा करीब 30 फीसदी टिकटें काटी जाती हैं।
पब्लिक हेल्थ की डिमांड केवल चार मशीनें
जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा केवल चार मशीनों का ही ऑर्डर किया गया है। विभाग के अधिकारियों के अनुसार दो मशीनें बहादुगढ़, एक झज्जर और एक मशीन बेरी कार्यालय में लगाई जाएगी। इन मशीनों द्वारा पानी के बिल जमा करने के अलावा अन्य दूसरे शुल्क वसूले जाएंगे।
नपा ने मांगी दो मशीनें
नगरपालिका झज्जर के अकाउंटेंट प्रदीप के अनुसार नपा द्वारा केवल दो मशीनों की डिमांड की गई है। नपा अधिकारियों के अनुसार नक्शा पास करवाने का शुल्क, हाउस टैक्स, बिल्डिंग टैक्स सहित दूसरे टैक्स वसूलने के लिए प्रयोग में लाई जाएंगी।
बिजली निगम ने मांगी 30 मशीनें
बिजली निगम के एसई एसके चावला के अनुसार उनके द्वारा 30 स्वैप मशीनों की डिमांड डीसी को भेजी है। मशीनें मिलने के पश्चात सभी बिलिंग सेंटर पर भेज दी जाएंगी, जिनसे बिजली बिल की फीस काटी जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को काफी फायदा मिलेगा।
यह बोले बैंक अधिकारी
एसबीआई के ग्राहक सेवा अधिकारी राजेंद्र ने बताया कि वर्तमान हालात में स्वैप मशीनों को आने में करीब 15 से 20 दिन का समय लग जाएगा। स्वैप मशीन का ऑर्डर पहले चंडीगढ़ आरबीआई को जाता है, जहां से अप्रूवल के बाद मशीन कंपनी के पास भेजी जाती है, जिसके बाद मशीन ऑर्डर किए गए पते पर भेजी जाती है।
मशीनें लगने में लगेगा 20 दिन का समय
सरकारी विभागों में स्वैप मशीनें लगवाई जा रही हैं। इस समय हालात कुछ ऐसे हैं कि इसमें करीब 20 दिन का समय लग जाएगा।
एलडी शर्मा, एलडीएम, झज्जर