दो बच्चों की विधवा मां ने परिजनों के भारी हंगामे के बीच अपने प्रेमी के साथ शादी रचा ली। वहीं पुलिस चौकी पहुंचकर बयान भी दर्ज करवाए कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है और उस पर कोई दबाव नहीं है, जिस पर सिटी पुलिस चौकी द्वारा उन्हें सुरक्षा के बीच दिल्ली के रेवला खानपुर तक छोड़ा गया।
सोमवार को सिटी पुलिस चौकी में एक युवक ने उसकी बहन को बहला-फुसला कर भगा ले जाने का मामला दर्ज कराया था। इस पर महिला अपने प्रेमी के साथ मंगलवार को झज्जर की अदालत में पहुंची और शादी करने की मंशा जताई। इसकी खबर महिला के परिजनों को लग गई, जिस पर परिजन भी कोर्ट में पहुंच गए और हंगामा करने लगे, लेकिन पुलिस उन्हें शांत करवाते हुए दोनों पक्षों को सिटी पुलिस चौकी में ले गई। यहां पर महिला के बयान दर्ज किए गए, जिसमें उसने बताया कि उसकी शादी करीब साढ़े चार वर्ष पूर्व दिल्ली के एक व्यक्ति से हुई थी।
शादी के बाद उसे दो बच्चे हुए। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उसके पति की मौत हो गई और कुछ समय बाद वह अपने दोनों बच्चों को लेकर झज्जर आकर अपने भाई के पास रहने लगी। इसी बीच उसका अपनी ससुराल के रहने वाले एक युवक के साथ प्रेम संबंध हो गए।
प्रेम परवान चढ़ा और दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया, लेकिन महिला के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। इसके चलते महिला सोमवार को अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। महिला के बयान दर्ज करने के पश्चात पुलिस ने उसे उसकी मर्जी के अनुसार दिल्ली तक पुलिस सुरक्षा में भेजा।