नगर परिषद बहादुरगढ़ की ओर से शनिवार को रोहतक-दिल्ली रोड और मेन बाजार में होर्डिंग्स और फ्लैक्स बोर्ड हटाओ अभियान चलाया गया। परिषद के सेनेट्री इंस्पेक्टर सुनील हुड्डा की अगुवाई में चले अभियान में बेहद सारे होर्डिंग्स हटाए गए और कई लोगों के चालान किए गए।
शहर में कोई भी मार्ग ऐसा नहीं हैं, जहां लोगों ने प्रचार के लिए फ्लैक्स बोर्ड और होर्डिंग्स न लगा रखे हों। तमाम बाजारों में भवनों की दीवार, बिजली के खंभे आदि इन सामग्रियों से अटे हुए हैं। यहां तक की मेट्रो के पिलरों पर भी होर्डिंग्स और बोर्ड लगा रखे हैं।
इन प्रचार सामग्रियों पर शनिवार को नप की गाज गिर गई है। अधिकारियों की अगुवाई में नप कर्मचारियों ने शहर में अभियान चलाकर सड़कों को इन बोर्ड और फ्लैक्स से मुक्त करने का प्रयास किया। दीवारों और खंभों पर टंगे बोर्डों को उखाड़कर ट्रैक्टर ट्रॉलियों में भरा गया। सेनेट्री इंस्पेक्टर सुनील ने बताया कि परिषद का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। चेतावनी देने के बाद भी जो लोग नहीं मानते, उनके चालान किए जा रहे हैं।
अतिक्रमण पर भी होगी कार्रवाई
एसआई सुनील ने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ भी परिषद सख्त है। रेलवे रोड और नाहरा-नाहरी रोड पर अवैध कब्जाधारियों पर नजर है। समय-समय पर इनके खिलाफ अभियान भी चलाए जाते हैं। शीघ्र ही एक सख्त अभियान चलाकर ऐसे दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, जिन्होंने पक्के कब्जे कर रखे हैं।