नगर परिषद के सदन पहली बैठक 5 फरवरी को निर्धारित की गई है। शुक्रवार की सुबह होने वाली बैठक हंगामेदार होने की संभावना जताई जा रही है। नगर परिषद की उपाध्यक्ष कविता नंदवानी की अध्यक्षा में बैठक होगी। झज्जर नगर परिषद बनने के बाद सदन की यह पहली बैठक होगी। नगर परिषद की मौजूदा चेयरपर्सन कविता नंदवानी के खिलाफ पिछले साल अविश्वास प्रस्ताव उपायुक्त के समक्ष रखा गया और उन्होंन जब फ्लोर टेस्ट की भी अनुमति दे दी थी। फ्लोर टेस्ट में महज एक पार्षद की गैर मौजूदगी से अविश्वास प्रस्ताव असफल हो गया था।
शहर के अधिकांश पार्षदों का यह कहना है कि 25 लाख रुपये के विकास कार्यों के बारे में पार्षदों से कोई राय नहीं ली गई, जबकि अधिकारियों का कहना था कि पार्षदों को इसके लिए अपने विकास कार्य नगर परिषद को देने थे जो उनके द्वारा नहीं दिए गए। इसके अलावा भट्ठी गेट के नाम करण का मामला भी बैठक में उठाया जा सकता है। इस तरीके से खासतौर से अधिकारियों और पार्षदों के बीच हंगामा होने के पूरे आसार हैं। यह बैठक नगर परिषद के चुनाव से पहले हो रही है। मई में नगर परिषद के चुनाव होने संभावित हैं।
- इन एजेंडों पर होगी चर्चा
- नगर परिषद झज्जर की दुकानों के 93 किरायेदारों के खिलाफ की गई कार्रवाई के बारे में चर्चा।
- नगर परिषद के नवनिर्मित भवनों में ग्रिड कनेक्टेड रूफटॉप पावर प्लांट लगाने के लिए सदन की राय।
- नगर परिषद झज्जर की ऑनलाइन सर्विस को सुचारू रूप से चलाने के लिए लैपटॉप खरीदने के बारे में।
- नगर परिषद की लेखा शाखा के लिए दो अलमारी खरीदने के लिए सदन की स्वीकृति बाबत।
- नगर परिषद की हाउस टैक्स शाखा के बिल प्रिंटिंग करने के लिए सदन से अनुमति लेने के बारे में, ताकि 30 मार्च के बाद के बिल लोगों को दिए जाएं।
- नगर परिषद झज्जर में लेखा ब्रांच में दोहरी प्रविष्टि लागू करने के बारे में सदन की राय।
- परिषद द्वारा खरीदे गए दो कंप्यूटर दो प्रिंटर दो यूपीएस के बिल भुगतान की स्वीकृति।
- स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 के लिए शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए पौधारोपण करने के बारे में राय।
- नगर परिषद झज्जर की तकनीकी शाखा के लिए बोलेरो गाड़ी को अनुबंध के आधार पर लेने की राय।
- झज्जर शहर के एमसी पार्क का नाम ब्रह्मचारी सुभाष आर्य पार्क रखे जाने के बारे में सदन से राय।
- अंबेडकर चौक स्थित टाउन पार्क का नाम भगवान परशुराम पार्क के नाम पर रखने का प्रस्ताव
शुक्रवार को होने वाली नगर परिषद की बैठक में विभिन्न एजेंडों पर चर्चा होगी। सभी पार्षदों को इसके बारे में एजेंडा भेजा गया है।
- अरूण नांदल, ईओ, नगर परिषद, झज्जर।