बहादुरगढ़ सिटी मेट्रो स्टेशन का बन्द गेट।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
किसान आंदोलन को देखते हुए सुरक्षा के लिए सोमवार को हरियाणा के बहादुरगढ़ में टीकरी कलां स्टेशन से ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेशन तक मेट्रो ट्रेन सेवाएं सुबह 10 बजे स्थगित कर दी गई। दिल्ली मेट्रो की ग्रीन लाइन पर टीकरी कलां से ब्रिगेडियर होशियार सिंह से स्टेशन तक पांच मेट्रो स्टेशन हैं। टीकरी कलां, टीकरी बॉर्डर, पंडित श्रीराम शर्मा, बहादुरगढ़ सिटी और ब्रिगेडियर होशियार सिंह।
इन पांचों स्टेशनों का एक एक गेट रविवार सुबह 10 बजे ही बंद कर दिया गया था। सोमवार सुबह तक केवल एक एक ही गेट खुला था। सोमवार सुबह 10 बजे यात्री पहुंचे तो अचानक दूसरा गेट भी बंद कर दिया गया।
कुछ यात्री पैदल ही चार किलोमीटर टीकरी कलां स्टेशन तक गए तो कुछ अपने घरों को लौट गए। दिल्ली के लिए बस सेवा भी 26 जनवरी को किसान आंदोलन शुरू होने के बाद से ही बन्द है। इसलिए मेट्रो बन्द होने पर दिल्ली जाने आने वालों की परेशानी बहुत अधिक बढ़ गई है। डीएमआरसी के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों को मिले इनपुट के आधार पर ही मेट्रो सेवा स्थगित की गई है।
वहीं सोमवार को किसान आंदोलन के टीकरी बॉर्डर पड़ाव में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर पंजाब और हरियाणा से हजारों महिलाएं टीकरी बॉर्डर पहुंची हैं।