गुरुग्राम में आयोजित राज्यस्तरीय खेल महाकुंभ के क्वार्टर फाइनल में झज्जर की क्रिकेट टीम नूंह से 22 रन से हार गई। इस हार के साथ झज्जर प्रतियोगिता से बाहर हो गई। जिले के दो खिलाड़ियों ने तैराकी में स्वर्ण पदक जीते।
झज्जर। लड़कों में झज्जर और नूंह की टीम के बीच खेले गए राज्यस्तरी खेल महाकुंभ क्रिकेट प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल मैच में झज्जर की टीम को 22 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा जिले के दो खिलाड़ियों ने खेल महाकुंभ में तैराकी के खेल में स्वर्ण पदक हासिल किए। 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक इवेंट में ओशो ने स्वर्ण पदक हासिल किया। 100 मीटर बटरफ्लाई इवेंट में उधम ने स्वर्ण पदक जीता।
विज्ञापन
गुरुग्राम के जीडीएसए 2.0 क्रिकेट ग्राउंड में झज्जर और नूह की टीम के बीच खेल महाकुंभ का क्वार्टर फाइनल मैच खेला गया। झज्जर की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करते हुए नूंह की टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में पांच विकेट पर 139 रन बनाए। इस दौरान बल्लेबाजी में मोईन खान ने नाबाद 56 रनों की पारी खेली। वहीं, गेंदबाजी में सचिन जांगड़ा, योगी धनखड़, सुबोध व निकेत तिवारी को एक-एक विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी झज्जर की टीम 117 रनों पर ऑल आउट हो गई। इस दौरान बल्लेबाजी में सुबोध ने 48 रनों की पारी खेली। वहीं, गेंदबाजी में नस्सु खान व मुबारिक ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। इस हार के साथ ही झज्जर की टीम राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ से बाहर हो गई।
विज्ञापन
पंचकूला को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंची थी झज्जर
लड़कों में झज्जर की टीम अपने पहले मुकाबले में पंचकूला को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंची थी। इसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए पंचकूला की टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में पांच विकेट पर 141 रन बनाए थे। इसके बाद झज्जर की टीम ने 13.2 ओवरों में चार विकेट पर 147 रन बनाकर जीत दर्ज कर ली।