झज्जर। गांव पलड़ा में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मैच में एथलीन क्रिकेट क्लब ने झज्जर टाइगर्स को दो रनों से हरा दिया। वहीं, तीसरे स्थान के मैच में गेम चेंजर्स की टीम ने पलड़ा क्रिकेट क्लब को 19 रनों से मात दी।
फाइनल मैच में एथलीन क्रिकेट क्लब की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। एथलीन क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 190 रन बनाए। बल्लेबाजी में सागर जून ने 48 गेंदों में नाबाद 101 रनों की पारी खेली। वहीं, गेंदबाजी में कप्तान सूरज ने तीन विकेट हासिल किए।
झज्जर टाइगर्स 20 ओवरों में 9 विकेट पर 188 रन पर सिमट गई। बल्लेबाजी में हर्षित ने 30 गेंदों में 47 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में अनिल जांगड़ा ने तीन विकेट हासिल किए। एथलीन क्रिकेट क्लब के खिलाड़ी सागर जून का मैन ऑफ द मैच और सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया। वहीं, झज्जर टाइगर्स टीम के खिलाड़ी सूरज को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया।
तीसरे स्थान के मैच में गेम चेंजर्स की टीम ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। गेम चेंजर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 171 रन बनाए। वहीं, लक्ष्य का पीछा करते हुए पलड़ा क्रिकेट क्लब की टीम 20 ओवरों में छह विकेट पर 152 रन ही बना सकी।