पिछले तीन दिन से बेरी क्षेत्र में हो रही बारिश से सड़कों, सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ शहर में बने पार्कों में पानी भरने लोगों को काफी परेशानी हो रही है। बेरी में मुख्य समस्या पार्कों में निकासी उचित व्यवस्था नहीं है।
बारिश ने नगर पालिका कार्यालय के साथ लाला रामस्वरूप मेमोरियल पार्क, गोच्छी मार्ग पर हर्बल पार्क, घांघसर मंदिर के पार्क, कुलदेव मंदिर के पास पार्कों की सूरत भी बिगाड़ दी है, क्योंकि पार्क में कई-कई फुट पानी भर गया है। लोगों को सुबह सैर करने में परेशानी आ रही है। दूसरी तरफ पार्क में आने वाले बुजुर्गों और बच्चों को इससे अधिक दिक्कत होती है।
ये बोले शहर वासी
पार्क में पानी निकासी का कोई इंतजाम नहीं है, जिसके चलते पार्क में कई-कई फुट पानी खड़ा हो गया है। पार्कों में पानी निकासी के लिए पालिका का कोई अधिकारी ध्यान नहीं दे रहा है। जिसका खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। सुबह की सैर करने के लिए सड़क पर जाना पड़ता है। सड़क पर वाहनों की आवाजाही के चलते हादसे का भय रहता है।
- योगेश कुमार।
लाला रामस्वरूप पार्क में हर रोज सुबह सैर करने के लिए जाता था और अब पिछले तीन दिन से हो रही बारिश से पार्क में पानी खड़ा हो गया है। पार्क में पानी निकासी का कोई इंतजाम नहीं है। इस कारण पार्क में लोगों का सैर करना बंद हो गया है।
- विरेंद्र अत्री
सुविधाओं की कमी के साथ पार्क में रखरखाव का बेहतर बनाने के लिए उचित कार्रवाई और गंभीरता से प्रयास करने की जरूरत है, क्योंकि गर्मी हो या बारिश पार्क में तो लोग पूरे साल जाते हैं। पार्कों में पानी न जमा हो सके इसके लिए निकासी का भी इंतजाम किया जाए।
- सुनील कुमार
पार्क में पिछले कई माह से हर रोज सैर करने के लिए आता था और अब तीन दिन से पार्क में पानी भरने से पार्क में सैर नहीं कर पा रहा हूं। पार्क के फुटपाथ पर भी पानी खड़ा हुआ है। इससे सुबह-शाम घर की छत पर टहलना पड़ रहा है।
- अमन शर्मा
पार्कों में भरे पानी का मामला संज्ञान में है और पानी को जल्द निकलवाया जाएगा। आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। पानी निकलवाने के बाद पार्कों में पानी की निकासी स्थायी प्रबंध किया जाएगा।
- रविंद्र कुमार, एसडीएम, बेरी।