पंजाब के जिला बरनाला के रहने वाले एक आंदोलनकारी किसान की अचानक तबीयत खराब होने से मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया और घटना की सूचना दर्ज कर ली है। अनुमान लगाया गया है कि किसान की मौत हृदयाघात से हुई।
पंजाब के जिला बरनाला के गांव दानापति रूहा कलां निवासी करनैल सिंह (66) पिछले वर्ष से ही किसान आंदोलन में सक्रियता से भाग ले रहे थे। वह किसानों के टीकरी बार्डर पड़ाव में एचएल सिटी के निकट पोल नंबर 178 के पास साथी किसानों के साथ ठहरे हुए थे। शुक्रवार सुबह उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। साथी किसानों ने उन्हें तुरंत बहादुरगढ़ के ट्रामा सेंटर पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक के लिए रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। साथी किसान करनैल सिंह के शव को लेकर बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में पहुंचे। जहां से सूचना पाकर एचएल सिटी चौकी पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के परिजनों को सूचित किया गया। सदर थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार के अनुसार किसान की मौत की वजह का पता तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मिलने के बाद ही चल सकेगा।