बहादुरगढ़। जन्माष्टमी पर लड्डू गोपाल पर प्यार लुटाने के लिए शहरवासी कपड़े, खिलौने व बांसुरी खरीद रहे हैं। इस बार बाजार में रेडीमेड कपड़ों के साथ ही डिजाइनर मुकुट बनाकर देने की भी सुविधा है। मुकुट में अमेरिकन डायमंड का चलन ज्यादा है।
इसी तरह राधाजी का चंद्रिका वाला मुकुट, हाथ में कमल का फूल, लहंगा चुनरी है। शृंगार के सामान में हार, कुंडल, कड़े, तिलक की मांग है। हल्के रंग के वस्त्रों की मांग ज्यादा है जिनमें रेशम, क्रिस्टल, ग्लास, गोटा वर्क में भगवान के वस्त्र 20 रुपये से लेकर 100 रुपये तक में बिक रहे हैं। मुकुट 20 से 400 रुपये, झूला 100 से 500, खिलौने 50 से 200 रुपये, मूर्ति 100 से 700 रुपये, फूल बंगला 200 से 300 रुपये, मोर पंख, छड़ी 50 से 150 रुपये, बांसुरी 20 से 50 रुपये, परफ्यूम 50 से 150 रुपये में बिक रहे हैं।
बाजार में कान्हा के लिए फूलों वाला झूला आकर्षण का केंद्र बना है। गुलाबी, पीले व लाल रंग के फूल झूले की खूबसूरती में चार चांद लगा रहे हैं। झूलों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। झूलों पर घोटा लगाया गया है। वहीं दुकानदार विक्रम सिंह का कहना है कि इस बार व्यापार अच्छा होने की उम्मीद है। लोग खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में रौनक है। भगवान की पोशाक ज्यादा बिक रही है। इसके अतिरिक्त झूले, सिंहासन, मुकुट माला की बिक्री हो रही है।
इंसेट
अब मोबाइल चलाएंगे ठाकुर जी
बाजार में ठाकुर जी के लिए खिलौने वाले मोबाइल आकर्षण का केंद्र हैं। ग्राहक भगवान के लिए मोबाइल खरीद रहे हैं। इसके अलावा टैबलेट, हॉकी, गाड़ी, तोता व साइकिल भी बिक रहे हैं।