बहादुरगढ़। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बहादुरगढ़ में सत्र 2025-26 के लिए दाखिले 3 जुलाई से शुरू होंगे। दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 6 जून से 27 जून तक चली। इसमें कुल 1428 छात्रों ने ऑनलाइन पोर्टल से आईटीआई बहादुरगढ़ की 29 ट्रेड के लिए आवेदन किया। इन सीटों पर कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग हरियाणा द्वारा वरीयता सूची 3 जुलाई को ऑनलाइन पोर्टल पर डाली जाएगी। इसमें छात्रों की सीट उनकी वरीयता एवं उनके द्वारा अप्लाई की गई ट्रेडों के आधार पर होगी।
संस्थान प्रधानाचार्य गीता आर सिंह ने दाखिलों के कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए विभिन्न कमेटी का गठन किया। इसमें छात्रों के दस्तावेजों के सत्यापन सीट अलॉटमेंट और फीस आदि कार्य के लिए अलग-अलग कमेटियां बनाई गई। वर्ग अनुदेशक देवेंद्र नरवाल को दाखिले की प्रक्रिया का नोडल बनाया गया।
देवेंद्र नरवाल ने बताया कि प्रथम चरण की वरीयता सूची वीरवार 3 जुलाई को आते ही आईटीआई बहादुरगढ़ में के दाखिले के लिए छात्र अपने प्रमाण पत्रों व दस्तावेजों का सत्यापन 3, 4, 5 एवं 7 जुलाई को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक करवाने के बाद अपनी फीस 3 जुलाई से लेकर 4, 5, 7 व 8 जुलाई को ऑनलाइन जमा करवा सकते हैं।
दाखिले के लिए छात्र अपने साथ 10 वीं, 12वीं या अन्य शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के साथ आधार कार्ड, फैमिली आईडी, रिहायशी प्रमाण पत्र, आरक्षण प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, गैप ईयर प्रमाण पत्र, बैंक अकाउंट डिटेल और फोटो लेकर आएं।