बादली। गांव ईस्माईलपुर के बीचोंबीच से निकल रही सड़क की हालत बदहाल है। नालों का पानी सड़क पर खड़ा है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। ईस्माईलपुर गांव में ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं का अभाव झेल रहे हैं। ईस्माईलपुर गांव में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। नालियां एवं सड़क क्षतिग्रस्त हैं। गांव के अंदर घुसते ही गंदगी का सामना करना पड़ता है। सड़क के किनारे से निकल रहे नाले पर कुछ ग्रामीणों ने कब्जा कर लिया है और नाले के पुनर्निर्माण कार्य में बाधा पहुंचा रहे हैं। करीब 3 हजार की आबादी वाले इस गांव में अनेक समस्याएं हैं। घरों से निकलने वाला पानी भी सड़क पर ही भरा रहता है। ग्रामीण ज्ञानेराम, अनिल, नरेश और सुरेश का कहना है कि सड़क पर पानी होने से गांव के शिव मंदिर में आने जाने का रास्ता भी नहीं है। वहीं सुरेश और रविंद्र का कहना है कि स्कूल जाने वाले बच्चे भी पानी से होते हुए गुजरते हैं। ग्रामीणों ने नालों को ठीक करवाने और सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की है।
सरपंच बिरजू रावत का कहना है कि नालों का निर्माण शुरू में सही लेवल से नहीं करवाया गया। फिलहाल पीडब्ल्यूडी की ओर से नालों का निर्माण दिसंबर माह तक पूरा करवान था, जिसमें कुछ लोगों द्वारा किए गए अवैध निर्माण से बाधा आ गई। प्रशासन के सहयोग से 80 प्रतिशत अवैध कब्जे हटवा दिए गए है।