हरियाणा के झज्जर में रोहतक रोड पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक से एक युवक बुजुर्ग को बैंक कर्मचारी बताकर नए नोट बदलवाने के नाम पर एक युवक 45000 लेकर फरार हो गया। मामले की जानकारी शहर पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौका मुआयना कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की टीम में सीसीटीवी के आधार पर युवक की पहचान करने में जुटी है। देर शाम तक युवक की पहचान नहीं हो पाई थी।
जानकारी अनुसार सिलानी गेट निवासी हजारीलाल रोहतक रोड पर स्थित पीएनबी में अपने खाते से राशि निकलवाने के लिए आया था। जब उसने अपने खाते से 45000 रुपये निकलवा लिए और वह काउंटर पर पासबुक बनवाने के लिए पहुंचा तो उसके पास एक युवक आया और उसने बैंक कर्मचारी बताते हुए उससे नए नोट बदलवाने की बात कही।
जब वह उसे पैसे देकर पासबुक बनवाने के लिए प्रार्थना पत्र लिखने लगा तो इसी दौरान युवक फरार हो गया। जब बुजुर्ग को युवक दिखाई नहीं दिया तो उसने सौर मचाना शुरू कर दिया, लेकिन उस समय तक युवक बैंक से फरार हो चुका था। बैंक में जब अन्य लोगों को इस बात का पता चला तो वहां मौजूद लोगों ने भी युवक की तलाश की लेकिन वह हाथ नहीं लगा। बैंक प्रबंधन की तरफ से पुलिस का सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही शहर पुलिस, सीआईए, साइबर टीम मौके पर पहुंची और सीसीटीवी की फुटेज की जांच की गई। जांच के दौरान युवक दो-तीन बार कैश काउंटर की तरफ जाता दिखाई दे रहा है और उसके बाद वह बैंक से फरार हो जाता है। पुलिस की तीन टीम मामले की जांच में लगी हुई हैं और सीसीटीवी की फुटेज देख कर युवक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
बुजुर्ग हजारी लाल ने नए नोट बदलवाने के नाम युवक के झांसे में आकर 45 हजार रुपये उसे दे दिए। युवक बुजुर्ग को झांसा देकर वहां से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
- शेर सिंह, निरीक्षक, शहर थाना प्रभारी, झज्जर।