सरकार की तरफ से स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 की रैंकिंग जारी कर दी गई है। झज्जर जिले के तीनों शहरों में पिछले साल की अपेक्षा इस बार रैंकिंग में काफी सुधार हुआ है। स्वच्छता सर्वेक्षण के दौरान विभिन्न बिंदुओं पर टीमों ने मौके पर पहुंचकर सर्वे किया था। जिसके आधार पर शनिवार को रैंकिंग जारी कर दी गई है। झज्जर शहर स्वच्छता सर्वेक्षण में वर्ष 2020 में 316 नंबर पर था जबकि इस बार इसकी रैंकिंग में सुधार होकर 22 वें नंबर पर पहुंच गया है। जबकि बेरी की रैंकिंग में भी काफी सुधार हुआ है। बेरी स्वच्छता सर्वेक्षण में 678 में स्थान पर था जबकि इस बार 32 स्थान पर पहुंचा है। जिले के सबसे बड़े शहर बहादुरगढ़ की रैंकिग में भी पिछले साल की अपेक्षा इस बार सुधार हुआ है। वर्ष 2020 में स्वच्छता सर्वेक्षण के दौरान इस शहर की रैंकिंग 256 थी तो इस बार शहर की रैंकिंग 120 रही है। रैंकिंग को देखते हुए सफाई व्यवस्था पहले से सुधार हुआ है। वहीं सफाई व्यवस्था को लेकर लोगों में भी जागरूकता आई है। जिसका मुख्य कारण कोरोना काल के दौरान लोगों ने सफाई व्यवस्था को लेकर काफी सुधार किया है और लोग सफाई व्यवस्था को लेकर काफी हद तक जागरूक भी हुए हैं। जिसका असर स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग के दौरान दिखाई दे रहा है। नगर परिषद व नगर पालिकाओं की तरफ से पिछले साल की अपेक्षा इस बार कुछ हद तक सफाई व्यवस्था को लेकर सुधार किया है।
लोगों में पहले की अपेक्षा सफाई व्यवस्था को लेकर जागरूकता आई है। जिसका असर स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग में दिखाई दे रहा है। लोगों को अभी और अधिक जागरूक होने की आवश्यकता है। प्रशासन की तरफ से भी स्वच्छता को लेकर बेहतर कदम उठाए जा रहे हैं।
- प्रदीप कौशिक, नगर आयुक्त, झज्जर।