19jjrp02- पेलपा के सरकारी स्कूल में आयोजित युवा संसद में भाग लेते बच्चे। स्रोत-स्कूल
झज्जर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पेलपा में युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने संसदीय प्रक्रिया का सजीव मंचन करते हुए अपने विचारों, तर्कों और वाक्-कौशल से अपना लोहा मनवाया। कार्यक्रम में न केवल छात्रों की प्रतिभा को उजागर किया बल्कि उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ भी विकसित की।
आयोजन में विशेष भूमिकाएं निभाने वाले विद्यार्थियों में भूपेंद्र (कक्षा 12वीं) ने संसद अध्यक्ष, खुशी (कक्षा 12वीं) ने प्रधानमंत्री, राधिका (कक्षा 11वीं) ने गृह मंत्री तथा गरिमा (कक्षा 9वीं) ने विपक्ष नेता की भूमिका निभाई। इन विद्यार्थियों के सशक्त प्रदर्शन ने पूरे कार्यक्रम को जीवंतता प्रदान की।
छात्रों को प्रशिक्षण देने में राजनीति विज्ञान प्रवक्ता प्रदीप धनखड़ और इतिहास प्रवक्ता पूजा का योगदान रहा। इस अवसर पर प्रधानाचार्या डाॅ. कृष्णा कुमारी सांगवान, राजीव देसवाल, डॉ. संदीप, सुरेंद्र छिकारा मौजूद रहे।