19jjrp07- सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे परिजन। संवाद
झज्जर। गांव छपार और अहरी के बीच दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई, जिसमें एक की मौत व दो घायल हो गए। घायलों में से एक का निजी अस्पताल में उपचार किया गया तो दूसरे को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। रविवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक राहुल के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया है। गांव छपार निवासी करीब 25 वर्षीय अभिषेक मोटरसाइकिल पर अपने भाई यश के साथ किसी काम से जा रहा था। इस दौरान गांव अहरी के पास अभिषेक की गांव चिमनी ढराणा निवासी राहुल की मोटरसाइकिल के साथ टक्कर हो गई।
हादसे में अभिषेक की मौत हो गई और यश व राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। यश का शहर के निजी अस्पताल में उपचार किया गया। वहीं, राहुल को नागरिक अस्पताल में उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। इसके बाद नागरिक अस्पताल के शव गृह में मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
डेढ़ माह पहले बने थे पिता
करीब तीन वर्ष पहले अभिषेक की शादी हुई थी। करीब डेढ़ माह पहले अभिषेक को एक बेटा भी हुआ। इसके बाद परिवार में खुशी का माहौल था। 15 अक्तूबर को बेटे के जन्म पर कुआं पूजन भी कराया गया। अभिषेक की मौत के बाद परिवार की खुशियां गम में बदल गई।
घायल यश है एथलीट
हादसे में घायल हुआ यश एथलीट है। वह इसमें आगे बढ़ने के लिए मेहनत कर रहा था। अभिषेक पिता कृष्ण कुमार हरियाणा रोडवेज वर्कशॉप में यार्ड मास्टर के पद से सेवानिवृत है। वह परिवार में खेती-बाड़ी का काम करता है।