झज्जर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों को अपना रोजगार सुचारु रूप से चलाने के लिए 10 हजार रुपये का लोन बैंकों के माध्यम से दिलवाया जा रहा है। संबंधित व्यक्ति को यह राशि एक वर्ष में किस्तों के माध्यम से लौटानी होगी। योजना के तहत लाभार्थियों को 7 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी सरकार की ओर से दी जाएगी। वहीं समय पर लोन चुकाने पर अगली बार दोगुनी राशि दी जाएगी। यह कहना है डीसी जितेंद्र कुमार का।
डीसी जितेंद्र कुमार ने कहा कि सरकार की महत्वकांक्षी योजना का लाभ सभी पात्र व्यक्तियों को उठाना चाहिए। कोरोना महामारी के कारण रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों के प्रभावित हुए काम धंधों को दोबारा सुचारु रूप से चलाने के लिए आर्थिक मदद दी जा रही है। सरकार का प्रयास है कि गरीब की जितनी दिक्कतें कम कर सके उसको कम किया जाए और उसके लिए ही ऐसी जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई है। सभी संबंधित नगर परिषद, नगर पालिका के अधिकारी प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ लाभार्थियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।