सोमवार की शाम अचानक मौसम में आए बदलाव के कारण धूल भरे अंधड़ चले। हालात यह रहे कि दूर-दूर तक कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। चहुंओर मिट्टी के गुबार के अलावा कुछ भी दिखाई नहीं दिया। तेज हवा के साथ आई इस धूल भरी आंधी के चलते कई स्थानों पर बिजली की तारें भी टूट गई। जिससे सप्लाई भी प्रभावित हुई। हालांकि विभाग की ओर से मौसम को देखते हुए फीडर को ब्रेक डाउन पर डाल दिया गया।
दिनभर तेज धूप और लू के बाद शाम के समय अचानक मौसम का मिजाज का बदला हुआ असर देखने को मिला। तेज हवा के साथ चली धूल भरी आंधी ने सभी कुछ थोड़े ही समय में अस्त व्यस्त कर दिया। मौसम को देखते हुए व्यापारियों ने भी एकाएक अपनी दुकानें बंद करनी शुरू कर दी।
जबकि हर ओर लोग अंधड़ की चपेट से बचने के लिए लोग दाएं-बाएं घुस कर बचने का प्रयास करते हुए दिखाई दिए। करीब 30 मिनट तक इस माहौल के बीच ज्यादा नुकसान का समाचार तो अभी नहीं आया हैं। लेकिन कुछेक स्थानों पर बिजली की तारों के टूटने के चलते बिजली व्यवस्था अवश्य ही प्रभावित हुई हैं।