पालिका चुनाव की घोषणा के बाद शहर के गली-मोहल्लों में चहल-पहल बढ़ गई। भावी पार्षदों ने अपने वार्ड के मतदाताओं के घरों पर जाना शुरू कर दिया है और अपने समर्थकों के साथ देर रात तक रणनीतियां बनाने में भी जुटे हुए हैं। शहर के विभिन्न वार्डों में भावी उम्मीदवारों ने अपने पोस्टर भी चस्पा कर दिए हैं। जिसके चलते अभी से ही शहर में चुनावी रौनक दिखाई देने लगी है।
आलम यह है कि उम्मीदवारों ने चुनावी कार्यक्रम का पूरा ब्यौरा लेने के बाद उन ज्योतिषों की भी शरण में जाना शुरू कर दिया है जोकि उन्हें बताएंगे कि उन्हें अपना नामांकन किस दिन व किस तिथि को भरना है। हालांकि पालिका चुनाव लड़ने वालों में कुछ ऐसे भी उम्मीदवार है जोकि पिछले वर्षभर से चुनाव होने का इंतजार कर रहे थे और उन्होंने शुरूआती दौर में तो इसके लिए बकायदा अपने कार्यालय तक खोल दिए थे। लेकिन जैसे ही पालिका चुनाव कराए जाने का समय खिसकता गया उन्होंने अपने चुनावी कार्यालय बंद कर दिए थे।
अब चुनावी घोषणा के बाद सभी उम्मीदवार फिर से सक्रिय हो गए हैं और मतदाताओं को अपने पक्ष में वोट में करने की जुगत बैठा रहे है। जिसके चलते गर्मी के मौसम में चुनावी गर्मी ने और भी तापमान को बढ़ा दिया है। उन्होंने शहर के विभिन्न वार्डोें में उम्मीदवारों ने अपने पोस्टर, बैनर भी लगा दिए हैं। हालांकि पालिका प्रशासन ने पोस्टर व बैनर लगाने पर प्रतिबंध लगा रखा है, फिर भी उम्मीदवार नियमों का उल्लंघन करते हुए पोस्टर चस्पा कर रहे हैं। बहरहाल, पालिका चुनाव को लेकर जहां उम्मीदवारों में उत्साह है, वहीं मतदाता भी पूरी तरह से चुनाव में रुचि दिखा रहे हैं।