19 वार्डों वाली झज्जर नगरपालिका के चुनाव में पहली बार चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों ने दिग्गजों को मात दे दी तो निवर्तमान चेयरमैन भी पहली दफा चुनाव लड़ रही महिला से हार गए। कहीं-कहीं समर्थकों में झड़प और कहासुनी भी हुई, लेकिन सुरक्षा बल ने स्थिति को संभालते हुए शांतिपूर्वक माहौल में चुनाव संपन्न कराया। उधर, किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल बूथ केंद्रों पर मौजूद रहा, डीसी, एसपी सहित तमाम अधिकारी स्वयं मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। वार्ड नंबर 13 के बूथ नंबर 23 पर दिनभर कहासुनी होती रही और बोगस वोटों की अफवाहें उड़ती रहीं, लेकिन जिले भर में शांतिपूर्वक माहौल में चुनाव संपन्न हो गया।
विजेता प्रत्याशियों की सूची
झज्जर के 19 वार्डों में ये बने विजेता
वार्ड 1 से विजेता महाबीर गुर्जर ने 1004 वोट प्राप्त किए, जबकि दूसरे नंबर पर रहे नरेंद्र को 549 वोट मिले।
वार्ड 2 से विजेता हेमंत कुमार को 623 वोट प्राप्त हुए, जबकि दूसरे नंबर पर रहे जय सिंह को 521 वोट मिले।
वार्ड 3 से विजेता मीना रानी 1095 वोट प्राप्त हुए, जबकि दूसरे नंबर पर रहे पूर्व चेयरमैन ईश्वर शर्मा को मात्र 294 वोट ही मिले।
वार्ड 4 से विजेता निशा को 585 वोट प्राप्त हुए, जबकि दूसरे नंबर पर रही शर्मिला को 510 वोट ही प्राप्त हुए।
वार्ड 5 से विजेता ईशवंती को 480 वोट प्राप्त हुए, जबकि दूसरे नंबर पर रही स्वाति को 394 मत प्राप्त हुए।
वार्ड 6 से विजेता प्रवीण को 1236 वोट प्राप्त हुए, जबकि दूसरे नंबर पर रहे नवनीत को 555 मत प्राप्त हुए।
वार्ड 7 से विजेता व्याख्या देवी को 749 वोट प्राप्त हुए, जबकि दूसरे नंबर पर रही सुधा को 487 वोट प्राप्त हुए।
वार्ड 8 से विजेता सविता देवी579 को वोट प्राप्त हुए, जबकि दूसरे नंबर पर रही मंजू देवी को 470 वोट प्राप्त हुए।
वार्ड 9 विजेेता ममता जिंदल को 740 वोट प्राप्त हुए, जबकि दूसरे नंबर पर रही सुषमा गोंसाई को 570 वोट प्राप्त हुए।
वार्ड 10 से विजेता निर्मला देवी को 630 वोट प्राप्त हुए, जबकि मिथुन शर्मा को 370 वोट प्राप्त हुए।
वार्ड 11 से विजेता कविता को 909 वोट प्राप्त हुए, जबकि दूसरे नंबर पर रही सोनिया शर्मा को 381 वोट प्राप्त हुए।
वार्ड 12 से विजेता सुरेश कुमार को 604 वोट प्राप्त हुए, जबकि नरेश कुमार को 370 वोट प्राप्त हुए।
वार्ड 13 से विजेता सुरजीत को 1007 वोट प्राप्त हुए, जबकि हिमंाशु हंस को 911 वोट प्राप्त हुए।
वार्ड 14 से विजेता महेंद्र वर्मा को 470 वोट प्राप्त हुए, जबकि मुकेश को भी 470 वोट प्राप्त हुए।
वार्ड 15 से विजेता घनश्याम को 408 वोट प्राप्त हुए, जबकि दयावंती को 389 वोट प्राप्त हुए।
वार्ड 16 से विजेता किशोर सैनी को 644 वोट प्राप्त हुए, जबकि रविंद्र को 504 वोट प्राप्त हुए।
वार्ड 17 से विजेता सविता नागर को 770 वोट प्राप्त हुए, जबकि संतोष देवी को 351 वोट प्राप्त हुए।
वार्ड 18 से विजेता ममता को 683 वोट प्राप्त हुए, जबकि सोमवती को 515 वोट प्राप्त हुए।
वार्ड 19 से विजेता मोनिका को 811 वोट प्राप्त हुए, जबकि विकास यादव को 239 वोट प्राप्त हुए।
वार्ड 14 में ड्रा से हुआ फैसला
झज्जर पालिका के वार्ड-14 में उस समय दोनों ही प्रत्याशियों की धड़कने तेज हो गईं, जब दोनों को एक समान मत मिले। दरअसल वार्ड 14 से चुनाव लड़ रहे महेंद्र वर्मा व मुकेश यादव को एक समान यानि 470-470 मत मिले। समान मत मिलने के बाद चुनाव करवा रहे अधिकारी ईवीएम मशीनों को लघुसचिवालय में एसडीएम कार्यालय में ले गए। जहां विजेता उम्मीदवार का फैसला लॉटरी के माध्यम से किया जाना था। ऐसे में दोनों दावेदारों के साथ उनके समर्थकों की धड़कने भी लगातार ऊपर-नीचे हो रही थी और चूंकि लॉटरी से फैसला होना था। ऐसे में दोनों ही ओर से पूरी तरह इसे किस्मत कनेक्शन मान लिया गया।
दोनों उम्मीदवार व उनके समर्थक लघु सचिवालय पहुंचे, जहां नपा सचिव राजेश वर्मा, बीडीपीओ आशीष, तहसीलदार हितेंद्र, डीआरओ ओ.पी गोदारा के साथ डीएसपी राजीव मौजूद रहे व लघु सचिवालय परिसर में पुलिस बल भी तैनात किया गया। दोनों ही दावेदारों से बातचीत के बाद लॉटरी के माध्यम से चुनावी नतीजे का फैसला किया गया। जिसके बाद दोनों उम्मीदवाराें के नाम, उनके पिता के नाम व वार्ड नंबर लिखकर दो पर्चियों को एक छोटी मटकी में डाला गया। पर्चियों को मटकी में डालने के बाद एक छोटे बच्चे को बुलाया गया और उससे एक पर्ची निकालने के लिए कहा गया। बच्चे ने जैसे ही एक पर्ची निकालकर अधिकारियों को दी तो उसमें महेंद्र वर्मा का नाम निकला, जिसे विजेता घोषित कर दिया गया। इस निर्णय के बाद जहां महेंद्र वर्मा के समर्थकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वहीं, मुकेश यादव के समर्थक मायूसी के साथ लघु सचिवालय से लौट गए।
निर्वतमान चेयरमैन को पहली बार चुनाव लड़ रही महिला ने हराया
वार्ड नंबर 3 से चुनाव लड़ रहे निर्वतमान चेयरमैन ईश्वर शर्मा को पहली बार चुनाव लड़ रही महिला मीना सैनी ने हराया। मीना सैनी ने निर्वतमान चेयरमैन को पहली ही बार में इतने बड़े अंतर से हराया जो दिनभर चर्चा का विषय बना रहा।
जीत की हैट्रिक करने उतरे वार्ड नंबर 2 से पार्षद रहे जयसिंह ने भी चखा हार का स्वाद
वार्ड नंबर 2 से जीत की हैट्रिक करने उतरे निर्वतमान पार्षद जयसिंह को भी हार का स्वाद चखना पड़ा। पहली बार चुनाव लड़ रहे और सबसे युवा पार्षद चुने गए पम्मी बाल्मिकी ने जय सिंह को भारी अंतर से हराया।
वार्ड नंबर 18, बूथ रेडक्रास भवन पर पकड़ा गया बोगस मतदाता
वार्ड नंबर 18 के रेडक्रास भवन में बने बूथ पर रविन्द्र नाम का युवक बोगस वोट करता हुआ पकड़ा गया। बोगस वोट गिरने की सूचना मिलने पर प्रशासन के हाथ पांव फूल गए और भारी संख्या में पुलिस बल सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस द्वारा आरोपी युवक को मौके पर से ही काबू पा लिया।
वार्ड नंबर 13 का बूथ नंबर 23 रहा दिनभर चर्चा का विषय
वार्ड नंबर 13 का बूथ नंबर 23 दिनभर चर्चा का विषय बना रहा, यहां न केवल दिनभर बोगस वोटिंग की अफवाही उड़ती रही, बल्कि तीन बार ईवीएम मशीन भी खराब हुई। दिनभर प्रत्याशी और उनके समर्थक पुलिस टीम और आपस में उलझते रहे। लेकिन कुल मिलाकर चुनाव शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हुआ।
वार्ड नंबर 13 का बूथ नंबर 23 पर स्याही हुई खत्म
वार्ड नंबर 13 के बूूथ नंबर 23 पर दोपहर बाद स्याही खत्म हो गई। चुनावी ड्यूटी में तैनात अधिकारियों ने स्याही खत्म होने पर बिना निशान लगाए ही मतदान करवा दिया। जिसके चलते कई उम्मीदवारों के प्रत्याशियों ने भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से शिकायत भी की। लेकिन दिनभर इस बूथ पर फर्जी मतदान होने की अफवाहें उड़ती रही।
दिग्गजों के समर्थक हारे
पालिका चुनाव में कई दिग्गज हारे तो कई दिग्गजों के उम्मीदवारों को भी हार का स्वाद चखना पड़ा। वार्ड नंबर 3 से स्वयं निवर्तमान चेयरमैन ईश्वर शर्मा भारी मतों के अंतराल से हारे, वहीं वार्ड नंबर 11 से उनकी पत्नी सोनिया शर्मा को भी हार का मुंह देखना पड़ा। वहीं वार्ड नंबर 2 से निवर्तमान पार्षद जयसिंह, वार्ड नंबर 4 से पूर्व पार्षद शिशुपाल मलिक के भाई की पत्नी व पूर्व चेयरमैन राजा की पत्नी को भी हार का स्वाद चखना पड़ा। इसके अलावा पूर्व पार्षद तिलक गौंसाई की पत्नी को भी हार का सामना करना पड़ा।
बीजेपी के दो उम्मीदवार हारें तो इनेलो का एक उम्मीदवार जीता
बीजेपी समर्थित कमलेश अत्री और महेंद्र कौर हारी वही इनेला नेता मनीष बंसल की माता निर्मला देवी को जीत हासिल हुई। बाकि शेष उम्मीवदाद निर्दलीय के रूप में विजयी हुए।
जीत की खुशी में जमकर उड़ा गुलाल
चुनावी परिणाम आने के बाद विजेता प्रत्याशियों के विजेताओं ने जमकर गुलाल उड़ाया। कोई खुली जीप में तो कोई कंधे पर बैठ कर शहर भर में निकाले गए विजयी जुलूस में शामिल हुए। विजेताओं से अधिक उनके समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था और समर्थकों ने जमकर खुशी मनाई और ढोल नगाडों की थाप पर जमकर थिरके। इस दौरान महिला समर्थकों ने भी जमकर खुशी मनाई और आपस में गुलाल उड़ाकर और डांस कर अपनी खुशी का इजहार किया।
बम-पटाखों से शहर हुआ गुलजार, प्लॉट में रखे ईंधन में लगी आग
वार्ड नंबर 6 दीवान गेट में विजेता प्रत्याशी के समर्थकों का उत्साह इस तरह हावी था कि उन्होंने जमकर गुलाल उड़ाया और आतिशबाजी की। जिसके चलते एक व्यक्ति के प्लॉट में रखा हजारों रुपए का ईंधन जलकर राख हो गया। अगर समय रहते आग पर काबू न पाया गया होता तो बड़ी घटना भी हो सकती थी। हालांकि पीड़ित व्यक्ति ने इसे नजरअंदाज करते हुए जीत का हिस्सा ही बताया।