गांव दुजाना में स्थित राजकीय महाविद्यालय में से चल रही भारतीय सेना की भर्ती के सातवें दिन समालखा व इसराना के युवाओं को मौका मिला। इसमें सिर्फ 38 फीसदी युवा ही दौड़ प्रकिया में पास हो पाए। भर्ती प्रकिया देर शाम तक चली। सेना की भर्ती रैली के दौरान शनिवार को पानीपत जिले की भर्ती शुरू हो गई। शनिवार को दौड़ प्रकिया में पानीपत जिले के 1510 युवाओं ने दौड़ में हिस्सा लिया। पानीपत जिले की तहसील के समालखा व इसराना के 2161 युवाओं ने रजिस्ट्रेशन करवाया था और दौड़ प्रकिया में सिर्फ 1510 युवाओं ने दौड़ में हिस्सा लिया। जिसमें से 923 युवा दौड़ प्रक्रिया में ही भर्ती से बाहर हो गए, जबकि 587 युवाओं ने दौड़ प्रक्रिया पूरी की। भर्ती रैली के दौरान तीन जिलों की भर्ती की प्रक्रिया शुक्रवार को ही पूरी कर ली गई। वहीं, आज भर्ती में कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ भी शिरकत करेंगे।
38 फीसदी युवाओं ने दौड़ में मारी बाजी
गांव दुजाना में आयोजित सेना की भर्ती में शनिवार को समालखा व इसराना तहसील के सामान्य ड्यूटी सिपाही की भर्ती के लिए 760 युवाओं में से 276 युवा पास हुए हैं, जबकि लिपिक व एसकेटी के लिए 750 युवाओं ने भाग लिया और 311 युवा दौड़ में पास हुए हैं। शनिवार को सुबह चार बजे ही सेना की भर्ती की दौड़ प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। पुलिस व सेना के जवानों को रात के समय ही मैदान के बाहर तैनात कर दिया गया था। सुबह करीब चार बजे से युवाओं को मैदान में भेज दिया गया था और सड़क को खाली करवा दिया था। जिसके बाद दौड़ प्रक्रिया शुरू की गई और सवा छह बजे दौड़ प्रक्रिया पूरी की ली गई थी। सामान्य सिपाही की भर्ती के लिए भाग लेने आए युवाओं में से 484 युवा व एसकेटी लिपिक पद के लिए आए युवाओं में से 439 युवा दौड़ प्रक्रिया से बाहर हो गए।
पानीपत तहसील की भर्ती आज
भर्ती निदेशक ने बताया कि रोहतक, झज्जर और सोनीपत जिले की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। 22 मई को पानीपत तहसील के 1717 युवक हिस्सा लेंगे, जबकि इसी दिन पूर्व सैनिकों की भर्ती होगी। उन्होंने बताया कि उपरोक्त तहसीलों के उम्मीदवारों को सुबह 2 बजे अपने एडमिट कार्ड फोटो सहित व बार कोड के साथ भर्ती केंद्र दुजाना राजकीय महाविद्यालय में रिर्पोट देनी होगी। उन्होंने बताया शारीरिक दक्षता परीक्षा सुबह 5 बजे शुरू कर दी जाएगी।
पीएफटी और पीएमटी दुजाना में ही की जाएगी
भर्ती निदेशक भाटी ने बताया कि 22 मई को चारों जिलों की भर्ती पूरी हो जाएगी। जिन युवाओं की पीएफटी व पीएमटी है उनको यही पर ही पूरा किया जाएगा और बाद में दस्तावेजों का कार्य रोहतक भर्ती कार्यालय में किया जाएगा।
लिखित परीक्षा के लिए मिलेंगे एडमिट कार्ड
भर्ती निदेशक कर्नल केएस भाटी ने बताया ने बताया कि जो युवा 22 तारीख तक मेडिकल में फिट हो जाएगा। उसमें जिला रोहतक के युवाओं को लिखित परीक्षा के लिए 23 मई को एडमिट कार्ड दे दिया जाएगा। वहीं, झज्जर जिले के युवाओं को 24 तारीख को एडमिट कार्ड दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बाकी दोनों जिले पानीपत, सोनीपत के युवाओं के एडमिट कार्ड की तिथि तय की जाएगी। वहीं, उन्होंने बताया कि रैली खत्म होने के बाद जिन युवाओं का मेडिकल रहता है उन का मेडिकल अंबाला में होगा और तिथि तय की जाएगी और रैली के बाद बाकी दस्तावेजों का कार्य भी रोहतक कार्यालय में निपटाया जाएगा।
शनिवार को पानीपत जिले की भर्ती प्रकिया शुरू की गई है। शनिवार को पानीपत जिले की तहसील समालखा व इसराना के युवाओं ने दौड़ में हिस्सा लिया। जिसमें 1510 युवाओं ने दौड़ लगाई तो 587 युवा ही ने दौड़ का टेस्ट पास किया। इससे पहले तीन जिलों की भर्ती प्रकिया पूरी कर ली गई है। चार जिलों की भर्ती प्रकिया में सभी युवाओं का गांव दुजाना में ही पीएफटी और पीएमटी का टेस्ट किया जाएगा।
-कर्नल केएस भाटी, निदेशक सेना भर्ती कार्यालय रोहतक।