बहादुरगढ़। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर राजधानी दिल्ली में भारी वाहनों के प्रवेश पर लगाए गए प्रतिबंध का असर शुक्रवार को बहादुरगढ़ में देखने को मिला। दिल्ली की सीमाओं पर ट्रकों की आवाजाही रोके जाने से बहादुरगढ़ क्षेत्र में नेशनल हाईवे, डीएमआरसी फ्लैट्स के पास और बाईपास पर 100 से अधिक ट्रक खड़े नजर आए।
हालात ऐसे हो गए कि सड़क किनारे कतारें लग गईं और ट्रक चालकों को कुछ ही नहीं बल्कि घंटों इंतजार करना पड़ा। दोपहर 2 बजे भारी वाहनों की दिल्ली में एंट्री खुलने के बाद ट्रक रवाना हुए और आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र चौकी पुलिस ने जाम खुलवाया। इससे वाहन चालकों को राहत मिली।
ट्रक चालक नबी अहमद ने बताया कि वह गुजरात के वडोदरा से ट्रक लेकर चला था। ट्रक में लोहा भरा है। उसे दिल्ली में सुबह 11 बजे खाली करना था, लेकिन दोपहर 2 बजे एंट्री खुली तो वह रवाना हुए। वहीं महाराष्ट्र के नासिक से ट्रक लेकर चले विक्रम राव का कहना है कि उन्हें सुबह 10 बजे दिल्ली में प्रवेश करना था लेकिन गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में दोपहर दो बजे तक एंट्री बैन होने के कारण वे बहादुरगढ़ में बाईपास पर रुक गए।
दोपहर बाद जब एंट्री खुली तो उन्होंने दिल्ली में प्रवेश किया। इनके अलावा अन्य कई ट्रक चालकों सतेंद्र कुमार, जगदीश शर्मा ने बताया कि वे अलग-अलग राज्यों से माल लेकर निकले थे लेकिन दिल्ली में रोक की वजह से उन्हें बीच रास्ते में ही रुकना पड़ा। राजस्थान से आए चालक रमेश कुमार ने बताया कि वह सीमेंट लेकर जा रहे थे, लेकिन शुक्रवार सुबह से बहादुरगढ़ में खड़े हैं।
गुजरात से कपड़ा लोड कर आए चालक इमरान खान का कहना है कि लंबे समय तक ट्रक खड़े रहने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। वहीं महाराष्ट्र से केमिकल सामान लेकर आए चालक संजय पाटिल ने बताया कि ट्रकों में लोड महंगा है और वे सुबह से यहां खड़े हैं। एंट्री खुली तो यहां से रवाना होंगे।
कई चालकों ने बताया कि सड़कों पर इतनी संख्या में ट्रक खड़े होने से स्थानीय यातायात भी प्रभावित हुआ है। शुक्रवार को दिनभर बाईपास और नेशनल हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बनी रही। चालकों का कहना है कि प्रशासन को पहले से वैकल्पिक रूट या पार्किंग की व्यवस्था करनी चाहिए थी ताकि उन्हें इस तरह सड़क किनारे खड़ा न रहना पड़े।
वर्जन
गणतंत्र दिवस को लेकर दिल्ली में शुक्रवार दोपहर तक रिहर्सल हुई। इसके चलते भारी वाहनों की दिल्ली में एंट्री बैन रही। दोपहर में ट्रकों को दिल्ली की तरफ रवाना कर दिया गया। -सज्जन सिंह, चौकी इंचार्ज, एमआईई, बहादुरगढ़।