संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। सिरसा और एचसीए-सी के बीच खेले गए अंडर-23 अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता के मैच में एचसीए-सी ने पांच विकेट से जीत दर्ज की। सिरसा टीम के कप्तान एवं जिले के गांव कुलाना निवासी कनिष्क चौहान का प्रदर्शन निराशाजनक रहा।
रोहतक के लाहली स्थित चौधरी बंसीलाल क्रिकेट स्टेडियम के ग्राउंड-बी पर खेले गए मैच में सिरसा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 38.4 ओवर में 110 रन पर ऑलआउट हो गई। कप्तान कनिष्क चौहान ने 17 गेंदों का सामना करते हुए केवल चार रन बनाए।
111 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एचसीए-सी की टीम ने 29.3 ओवर में पांच विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। गेंदबाजी में कनिष्क चौहान ने 10 ओवर में 32 रन दिए, जिनमें दो मेडन ओवर शामिल रहे, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।