हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय।
- फोटो : फाइल
हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने सोमवार को झज्जर क्षेत्र के गांव पाटोदा में संस्कारम यूनिवर्सिटी का रिबन काटकर शुभारंभ किया। राज्यपाल ने कहा कि हरियाणा सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उच्च शिक्षा के संस्थान मंजूर कर ग्रामीण आंचल में भी विश्व स्तरीय शिक्षा मुहैया करवा रही है। आज नव स्थापित विश्वविद्यालय भी ग्रामीण आंचल में खुला है।
उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी की स्थापना होना यहां के क्षेत्र के लिए एक मिल का पत्थर साबित होगा। शिक्षा के क्षेत्र में यह विश्वविद्यालय दुनिया भर में आदर्श के नए आयाम स्थापित करेगा। यूनिवर्सिटी विद्यार्थियों को सर्वांगीण विकास, चरित्र निर्माण एवं व्यक्तित्व विकास के लिए सर्वोत्तम मंच प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी देश-प्रदेश के बच्चों को उच्च एवं आधुनिक शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छ भारत- स्वस्थ भारत संकल्प की दिशा में भी अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर बनाकर एक महान मानवीय कार्य करेगी। राज्यपाल ने कार्यक्रम में मेधावी छात्रों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, गुरुग्राम के आयुक्त आरसी बिढ़ान, डीसी शक्ति सिंह, लुवास के वाइस चांसलर डॉ. गुरदयाल सिंह, मीरपुर विश्वविद्यालय के वीसी डॉ. जेपी यादव, जिप चेयरमैन कप्तान बिरधाना, अजीत, सुनील कादियान, सुमन, ठाकुर हुकुम सिंह, रामअवतार, सुनीता चौहान, अनिल शर्मा मौजूद रहे।