बुपनियां गांव के राजकीय स्कूल भवन और प्रांगण में भरा बारिश का पानी।
- फोटो : Bahadurgarh
बादली। इलाके में सोमवार को भी बारिश जारी रही। कई दिन से हो रही बारिश के बाद सोमवार को गलियों के साथ-साथ सरकारी स्कूल भवन, खेल स्टेडियम और अन्य कई स्थानों पर जलभराव हो गया है।
बुपनियां गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में दो फुट तक पानी भरा हुआ है। स्कूल के कमरों में भी जलभराव है। इससे छात्रों की पढ़ाई भी बाधित हो गई है। स्कूल के नजदीक वाला पशु तालाब ओवरफ्लो हो गया है और पानी का बहाव स्कूल की तरफ हो गया है। छात्रों को पानी से गुजरते हुए स्कूल के अंदर जाना पड़ रहा है। हालांकि कुछ देर बाद स्कूल की छुट्टी कर दी गई। स्कूल प्रधानाचार्य नीलम ने बताया कि दिन में हुई बारिश को देखते हुए छुट्टी की गई।
बादली और बुपनियां गांव के खेल स्टेडियम में भी पानी भर गया है। इससे ग्रामीणों और युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव से पानी निकासी के पुख्ता प्रबंध नहीं है और न ही कभी ग्राम पंचायत की ओर से कोई कदम उठाया गया। इसी के चलते ही गांव में जलभराव की परेशानी बढ़ गई है। हालांकि उपमंडल अधिकारी विशाल कुमार और खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी रामकरण शर्मा ने सोमवार को जलभराव क्षेत्र का दौरा किया और पानी निकासी के लिए डीजल इंजन का प्रबंध करवाने के निर्देश दिए।
पानी भरने से दो घरों की दीवार क्षतिग्रस्त
गुभाना गांव में दो घरों में पानी भरने से दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। पिछले तीन दिन में ही क्षेत्र में 80 से 100 एमएम तक बारिश हुई है। देवरखाना और बाढ़सा गांव की फिरनी पानी से लबालब है। बाढ़सा गांव की प्रमुख गलियों में दो से तीन फुट तक पानी भर गया जबकि बादली-डाबौदा रोड पर भी पानी भरने से आवागमन बाधित हो गया।
वर्जन
रिहायशी क्षेत्र में पानी होना चिंता का विषय है। संबंधित अधिकारियों को पानी निकासी करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
- विशाल कुमार, एसडीएम