-फोटो 55 : यह तस्वीर 25 दिसंबर वीरवार को ली गई। इसमें प्रदूषण पूरी तरह साफ हो गया और आसमान नीला
बहादुरगढ़। 50 दिनों बाद बहादुरगढ़ की आबोहवा सांस लेने लायक हुई है। कभी लाल तो कभी गहरे लाल रंग में प्रदूषण का स्तर रहा लेकिन दो दिनों से चली तेज हवा ने प्रदूषण से बहादुरगढ़ वासियों को काफी राहत दिलाई है। वीरवार को सुबह 25 किलोमीटर की गति से तेज हवा चली और प्रदूषण साफ हो गया।
सुबह 8 बजे एक्यूआई येलो जोन में 129 तो शाम 4 बजे एक्यूआई हरे रंग में महज 93 दर्ज किया गया। प्रदूषण कम होने से कमिशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्यूएम) की ओर से ग्रैप-4 की पाबंदियां भी हटा दी गई हैं।
अब निर्माण कार्य शुरू हो जाएंगे। काफी समय बाद आसमान भी नीला नजर आया और सूर्यदेव भी तेज के साथ चमके। दिनभर तेज धूप रही। इसके कारण लोगों का सर्दी से भी राहत मिली।
शहर में वीरवार को प्रदूषण से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली। प्रदूषण स्तर में सुधार होने के चलते ग्रेप-4 (ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान) के तहत लगाई गई सख्त पाबंदियां भी हटा ली गई हैं। इससे निर्माण कार्यों, उद्योगों और यातायात को भी राहत मिली है।
हालांकि विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यह राहत अस्थायी भी हो सकती है। मौसम का रुख बदलते ही प्रदूषण फिर बढ़ सकता है। ऐसे में नागरिकों से अपील की गई है कि वे वाहनों का कम उपयोग करें, कचरा न जलाएं और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाएं, ताकि साफ हवा का यह दौर लंबे समय तक बना रहे।