-फोटो 51 : अनिल खत्री, उपाध्यक्ष, हरियाणा ओलंपिक संघ।
बहादुरगढ़। हरियाणा ओलंपिक संघ जल्द ही प्राइवेट स्विमिंग पूल के लिए गाइडलाइंस जारी करने जा रहा है। साथ में सरकार से स्विमिंग पूल संचालन के लिए पॉलिसी भी फ्रेम करवाने जा रहा है। हरियाणा ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष और हरियाणा तैराकी संघ के महासचिव अनिल खत्री ने यह जानकारी दी।
अनिल खत्री का कहना है प्राइवेट स्विमिंग पूल संचालक कमाई के चक्कर में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, उन्हें ऐसा करने से बचना चाहिए और पानी की क्वालिटी और पूल पर सेफ्टी के प्रबंध सही करने चाहिए। प्राइवेट स्विमिंग पूल के पानी में क्लोरिन की मात्रा भी अनियमित रहती है जिसके कारण बच्चों की आंखों पर बुरा प्रभाव पड़ता है।
खत्री ने कहा कि बहादुरगढ़ के कई स्विमिंग पूल को लेकर उनके पास शिकायत भी आई थी कि स्विमिंग पूल में नहाने से बच्चों की आंखों में जलन हो रही है और अभिभावकों को बच्चों को डॉक्टर को भी दिखाना पड़ रहा है। ऐसा क्लोरीन की अनियमित मात्रा के कारण होता है। पीड़ित बच्चों के पिता और कई अन्य अभिभावकों ने उन्हें शिकायत की थी।
अनिल खत्री ने कहा कि हरियाणा ओलंपिक संघ, सरकार से मिलकर प्राइवेट स्विमिंग पूल की जांच के लिए एक कमेटी बनाने की गुजारिश भी करेगा। जो स्विमिंग पूल के लाइसेंस से लेकर उनके सेफ्टी ऑडिट और पानी की क्वालिटी की नियमित जांच कर सके। इससे लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा ओलंपिक संघ की देखरेख में चल रहे सभी स्विमिंग पूल में क्वालिफाइड कोच और पंप ऑपरेटर्स लगाए गए हैं जो पानी का नियमित शुद्धिकरण और जांच करते हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष मीनू बेनीवाल से भी इस विषय पर बात हुई हैं। उन्होंने भी स्विमिंग पूल में तैराकी और स्नान करने वालों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए सार्थक कदम उठाने की बात कही है। हरियाणा ओलंपिक संघ की आगामी बैठक में इस विषय पर प्रस्ताव पास किया जाएगा।
-फोटो 51 : अनिल खत्री, उपाध्यक्ष, हरियाणा ओलंपिक संघ।
-