बहादुरगढ़, 17 जुलाई। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि महंगाई की मार से हर कोई परेशान है। हालत ये है कि खाने पीने की चीजें धीरे धीरे लोगों की पहुंच से बाहर हो रही है। भाजपा राज में महंगाई हर रोज नया रिकॉर्ड बना रही है। सरकार को महंगाई पर रोक लगानी चाहिए।
दीपेंद्र शहर में ट्रक यूनियन पदाधिकारियों से समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने कहा कि दाल, आटा, तेल, दूध, टमाटर, मिर्ची, अदरक, मसाले सबके दाम आसमान छू रहे हैं। बिजली के बढ़ते बिल और स्कूल की बढती फीस रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच गयी है। आम गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों का घर चलाना मुश्किल हो गया है। गरीब आदमी टमाटर की चटनी बनाकर खा लेता था लेकिन टमाटर अब पेट्रोल से भी महंगा हो गया है। जो टमाटर किसान से 2 रुपये किलो भी कोई खरीदने को तैयार नहीं होता था और किसान को दुखी होकर अपना टमाटर सड़कों पर फेंकना पड़ता था। वो आज कहीं 200 तो कहीं-कहीं 300 के पार बिक रहा है। 200 रुपये किलो बिकने वाला टमाटर वही है जो किसान से 2 रुपये किलो में खरीदा गया था। महंगाई से राहत देने के लिए तुरंत जरूरी उपाय करे साथ ही आटा, दही जैसे बुनियादी सामानों से जीएसटी हटाए।
जिस सरसों तेल का तड़का लगाकर दाल का स्वाद बढ़ाते थे वो सरसों का तेल 90 से दोगुना हो कर 185 पार कर चुका है। अदरक ने तो ट्रिपल सेंचुरी लगा दी है, नींबू 400 रुपये के पार बिक रहा है। गृहणी की रसोई का बजट ही बिगड़ गया है। दीपेंद्र ने कहा कि बढ़ती महंगाई के लिए बीजेपी सरकार की गलत आर्थिक नीतियां जिम्मेदार हैं। यूपीए सरकार के समय जब गैस का सिलिंडर 350 रुपये हुआ तो भाजपा नेता सर पर सिलेंडर रखकर प्रदर्शन करते थे, अब सिलिंडर का दाम 1100 रुपये के पार चला गया है तो भाजपा नेताओं की बोलती क्यों बंद हो गई। उन्होंने कहा कि सरकार आसमान छूती महंगाई से कराह रही जनता को राहत देने की बजाय पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और अन्य उपभोक्ता वस्तुओं पर टैक्स का बोझ बढ़ाते जा रही है।