फोटो-54: बहादुरगढ़ का कोर्ट कॉम्प्लेक्स। संवाद
बहादुरगढ़। शहर के कोर्ट कॉम्प्लेक्स में आने वाले दिव्यांगों की सुविधा के लिए विशेष लिफ्ट लगाई जाएगी। इसमें 15 पैसेंजर क्षमता की होगी और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस रहेगी। हाईकोर्ट के आदेश पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की इलेक्ट्रिकल विंग की ओर से टेंडर लगाया गया है।
लिफ्ट पर करीब 22 लाख रुपये खर्च होंगे। पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता अमित गोयल ने बताया कि वर्तमान में कोर्ट कॉम्प्लेक्स में पहले से ही चार लिफ्ट संचालित हैं लेकिन ये सभी सामान्य उपयोग के लिए हैं।
दिव्यांगजनों, बुजुर्गों और विशेष आवश्यकता वाले लोगों को इन लिफ्टों के उपयोग में कई बार दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
व्हीलचेयर फ्रेंडली होगी लिफ्ट
उन्होंने बताया कि यह लिफ्ट व्हीलचेयर फ्रेंडली होगी जिसमें दिव्यांगजनों की जरूरतों के अनुसार बटन, पर्याप्त स्पेस और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इससे न केवल दिव्यांग व्यक्तियों को राहत मिलेगी बल्कि बुजुर्गों और अस्वस्थ लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। कोर्ट परिसर में रोजाना बड़ी संख्या में अधिवक्ता और आमजन आते हैं। ऐसे में लोगों को कोर्ट कॉम्प्लेक्स की सभी मंजिलों पर आने-जाने में आसानी होगी।