बहादुरगढ़। शहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दयानंद नगर कॉलोनी में एक व्यक्ति ने एक निजी कंपनी की कैब गुरुग्राम के लिए बुक की। कैब चालक बुक लोकेशन पर पहुंचा और उक्त व्यक्ति कार में बैठ गया। इसके बाद वह गुरुग्राम की तरफ वह चलने लगा। रास्ते में उक्त व्यक्ति ने कार के डैश बोर्ड की डिग्गी में रखे 3600 रुपये निकाल लिए और चला गया। इसकी शिकायत भुगतभोगी ने थाना शहर पुलिस को दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में आशीष निवासी छतरपुर नई दिल्ली ने बताया कि 23 मई की शाम करीब 4 बजे बहादुरगढ़ के दयानंद नगर कॉलोनी से एक व्यक्ति ने निजी कंपनी की कार गुरुग्राम सेक्टर-58 जाने के लिए बुक की। बताई लोकेशन पर कैब संचालक पहुंचा तो उक्त व्यक्ति कार में सवार हो गया। जैसे ही वह गुरुग्राम की तरफ चला तो उक्त व्यक्ति ने पहले बहादुरगढ़ में एक मेडिकल स्टोर के पास से दवाई के दो डिब्बे लिए। उसके बाद गाड़ी में आगे कंडक्टर सीट पर बैठ गया। यहां से वे आगे बढ़े ही थे कि पुराना बस स्टैंड के पास जाकर सामान लेने के लिए कार फिर रुकवाई और उक्त व्यक्ति ने इस बार डैश बोर्ड में रखे 3600 रुपये उठा लिए। इसकी शिकायत उन्होंने तुरंत 112 नंबर पर की। पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।