बेरी। बेरी-दुजाना मार्ग पर कार ने बाइक की टक्कर हो गई। इसमें अपनी नवजात बेटी को देखने के लिए अस्पताल में जा रहे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक सवार को राहगीरों की मदद से झज्जर के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सड़क हादसे की सूचना जैसे ही पाना चुल्याण मोहल्ले में पहुंची तो मातम छा गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद दुजाना पुलिस मौके पर पहुंची और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार बेरी के पाना चुल्याण मोहल्ले निवासी विक्की पुत्र राजेंद्र की पत्नी ने शनिवार को दुजाना के निजी अस्पताल में लड़की को जन्म दिया था। विक्की शनिवार रात को करीब साढ़े 8 बजे बाइक पर सवार होकर नवजात बच्ची को देखने के लिए जा रहा था। जब वह बेरी-दुजाना मार्ग पर बने शराब के ठेके के पास पहुंचा तो सामने से तेज गति से आ रही सेंट्रो कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार विक्की की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। मृतक के ताऊ ओमप्रकाश ने बताया कि विक्की की शादी करीब डेढ़ साल पहले बामडौली में हुई थी और तीन भाईयों में विक्की सबसे बड़ा था। दोनों भाई मजदूरी का कार्य करते हैं।
दुजाना मार्ग पर सेंट्रो कार और बाइक की टक्कर होने की सूचना मिली थी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान बेरी निवासी विक्की पुत्र राजेंद्र के रूप में हुई। शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के भाई के बयान पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई।
- राकेश कुमार, जांच अधिकारी, पुलिस थाना, दुजाना।