बादली। पैक्स के अधीन आने वाले 24 गांवों के किसानों को अक्टूबर में डीएपी का कोई बैग नहीं मिला है। पिछले साल की तुलना में आधा खाद भी नहीं आया जबकि जमीन में नमी की मात्रा कम होते ही किसान अब तेजी के साथ सरसों बुवाई में लगे हैं।
रबी फसल के लिए 2024 में किसानों को डीएपी के 3500 बैग वितरित किए गए। इस बार सरसों बुवाई का कार्य देरी से शुरू हुआ है, लेकिन अभी तक अगस्त और सितंबर में मात्र 800 बैग ही वितरित हुए हैं। अगले सप्ताह गेहूं बुवाई का कार्य भी शुरू हो जाएगा।
किसान कुलदीप, गौरव और विजेंद्र का कहना है कि पछेती सरसों की बुवाई चल रही है लेकिन डीएपी नहीं होने से उन्हें बिना डीएपी के ही बुवाई करने को मजबूर होना पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त नवंबर के पहले सप्ताह में गेहूं की बुवाई भी शुरू हो जाएगी, लेकिन डीएपी नहीं मिलने की चिंता सता रही है।
पैक्स प्रबंधक वजीर सिंह ने बताया कि किसानों की जरूरत के अनुसार डीएपी मंगवाया है। स्टॉक के लिए 5 हजार बैग की मांग भेजी गई है। संवाद