बहादुरगढ़। गणपति इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक टायर के सोल बनाने वाली फैक्टरी में बीती रात भयानक आग लग गई। आग ने पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया। मशीनें और इमारत भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। फैक्टरी मालिक को मोटा नुकसान हुआ है।
गणपति इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित लक्ष्मी पोलिमर्स में प्लास्टिक दाना, रबड़, रेजिन, रबड़ और टायर रिसोलिंग का काम होता है। मंगलवार की रात करीब 2 बजे इस फैक्टरी में अचानक आग लग गई। रबड़-प्लास्टिक आदि का सामान होने के कारण आग तेजी से भड़क गई। देखते ही देखते आग ने पूरे फैक्टरी परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। चूंकि रात को काम नहीं चल रहा था, इसलिए कोई जनहानि तो नहीं हुई, मगर फैक्टरी परिसर में रखा सारा माल जलकर राख हो गया। आग इतनी भयंकर थी कि मशीनें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और भवन का लेंटर भी कुछ जगहों से गिर गया। सूचना पाकर बहादुरगढ़ से चार और झज्जर से एक फायर ब्रिगेड की गाड़ी आग बुझाने के लिए पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
फैक्टरी प्रबंधन का कहना है कि आग लगने के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड में कॉल की गई थी, मगर उनके फोन काम नहीं कर रहे थे। काफी देर बाद संपर्क हुआ तो फायर ब्रिगेड की टीमें आई, लेकिन तक तक सब कुछ खत्म हो चुका था। फैक्टरी मालिक अनिल के मुताबिक, माल के अलावा महंगी मशीनें पूरी तरह खराब हो गई और बिल्डिंग भी काम की नहीं रही। फैक्टरी मालिक ने दावा किया है कि उसे डेढ़ करोड़ के आसपास नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। उधर, जिला दमकल अधिकारी डीके नंदा ने कहा कि सूचना मिलते ही गाड़ियां मौके पर पहुंच गई थी। सर्वे होने के बाद ही पता चल सकेगा कि नुकसान कितना हुआ है। आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है।