23jjrp09- झज्जर। सेक्टर-6 में हाउसिंग बोर्ड द्वारा बनाई गई बिल्डिंग। संवाद
झज्जर। सेक्टर-6 में हाउसिंग बोर्ड हरियाणा की तरफ से तैयार किए गए फ्लैट जल्द ही पूर्व सैनिकों को मिलने की उम्मीद है। हाउसिंग बोर्ड हरियाणा की तरफ से सेक्टर-6 में बने फ्लैट पर बाकी बचे काम को जल्द पूरा करवाया जाएगा। इसके लिए हाउसिंग बोर्ड की तरफ से दो अलग-अलग टेंडर लगाए गए हैं।
हाउसिंग बोर्ड द्वारा यहां पर बाहरी बिजली की सप्लाई के अलावा स्ट्रीट लाइट लगवाने का काम किया जाएगा। इस पर दो करोड़ 72 लाख 23 हजार रुपये की राशि खर्च होगी। इसके लिए हाउसिंग बोर्ड की तरफ से आनलाइन टेंडर लगाया गया है। पांच दिसंबर तक टेंडर के लिए आवेदन किए जाएंगे। इसके अलावा यहां पर 8 पैसेंजर और 15 पैसेंजर के भार वाली लिफ्ट भी लगाई जाएंगी ताकि पूर्व सैनिक व उनके परिवार के सदस्य अपने-अपने फ्लोर पर आसानी से आवागमन कर सकेंगे। इसके लिए भी हाउसिंग बोर्ड की तरफ से एक करोड़ 46 लाख 39 हजार रुपये का आनलाइन टेंडर लगाया गया है। इसके लिए भी दो दिसंबर तक आनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।
दो साल से फ्लैट बनकर तैयार
सैनिक, सेवानिवृत्ति सैनिक, पैरामिलिट्री जवानों के लिए सरकार ने हाउसिंग बोर्ड के जरिये यह फ्लैट बनाए थे। इसका काम हाउसिंग बोर्ड को दिया गया था। पिछले साल से यह फ्लैट बनकर तैयार हो चुके हैं, लेकिन आगे की कार्रवाई के लिए प्रक्रिया जारी थी। अब हाउसिंग बोर्ड ने बिजली, स्ट्रीट लाइट और लिफ्ट लगाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का काम किया है।
पूर्व सैनिक लंबे समय से कर रहे इंतजार
पूर्व सैनिक लंबे समय से फ्लैट आवंटन को लेकर इंतजार कर रहे हैं। पहले इसके निर्माण कार्य को पूरा होने में समय लग गया और अब पिछले दो साल से काम आगे नहीं बढ़ पा रहा था। अब पूर्व सैनिकों को काम जल्द पूरा होने की उम्मीद जगी है।