कलानौर। कलानौर में रविवार देर शाम मोबाइल फोन विक्रेता मुकेश को गोली मारने के आरोपी 24 घंटे बाद भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। घायल मुकेश वेंटिलेटर पर हैं। परिजन उन्हें पीजीआई से निजी अस्पताल ले गए। यहां किसी बाहरी व्यक्ति को मरीज के पास नहीं जाने दिया जा रहा है। इधर, चरखी दादरी पुलिस भी आरोपियों की तलाश में है।
रविवार देर शाम मुकेश को तीन युवकों ने रास्ते में रोक लिया था। इन्होंने उनके सीने व पेट में गोली मारी और भाग गए। मुकेश को गंभीर हालत में पीजीआई ले जाया गया। यहां से उसे परिजन मेडिकल मोड़ स्थित निजी अस्पताल ले गया। यहां वह वेंटिलेटर पर है। पीड़ित की हालत नाजुक बनी हुई है।
फिलहाल, न तो मरीज से किसी को मिलने दिया जा रहा है और न ही परिवार कुछ बोल रहा है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। आराेपी अजीत पहलवान की पुलिस ने पहचान कर ली है। इसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
आरोपी पहले भी मुकेश के पास मोबाइल फोन ठीक कराने आए थे। मोबाइल फोन को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके चलते आरोपी रंजिश रखने लगे थे। परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि वारदात वाली रात मुकेश को बाइक सवार तीन युवकों ने फोन कर बाहर बुलाकर गोलियां चला दी थीं। उसे पीजीआई रेफर किया गया था।
वारदात के बाद बाैंद कलां में लेक्चरर की गोली मारकर की थी हत्या
कलानौर में वारदात के बाद आरोपी चरखी दादरी के बौंद कलां पहुंचे थे। यहां लेक्चरर ललित की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। आईजी कार्यालय में तैनात पुलिस कर्मचारी के भाई ललित की हत्या के बाद से आरोपी भागे हुए हैं। चरखी दादरी जिले के बाैंद कलां निवासी ललित गांव के ही सरकारी स्कूल में राजनीति विज्ञान विषय के शिक्षक थे। इनके शव का सोमवार को पीजीआई में पोस्टमार्टम हुआ। शव परिजनों को सौंप दिया गया है। एसआई राजकुमार ने कहा कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया था। इनकी तलाश की जा रही है। परिजनों ने कुछ भी कहने से परहेज बरता है।
वर्जन
मुकेश को गोली मारने वालों की तलाश की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। पुलिस विभिन्न एंगल से घटना की जांच कर रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर अजीत पहलवान समेत तीन युवकों के खिलाफ हत्या प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
- सतपाल सिंह, प्रभारी, थाना कलानौर